फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली : मुख्यमंत्री आवास के बाहर तोड़फोड़ करने वाले सम्मानित, आप ने कहा..भाजपा गुंडों की पार्टी

Sat, 16 Apr 2022 06:09 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

दिल्ली विधानसभा में ‘दा कश्मीर फाइल्स’ फिल्म पर आए मुख्यमंत्री के बयान के खिलाफ भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने 30 मार्च को सीएम आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। इस दौरान प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास के मुख्य गेट तक पहुंच गए और बूम बैरियर के साथ सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। गेट पर रंग भी पोत दिया था।
विज्ञापन
सम्मान समारोह... - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर तोड़फोड़ करने वाले भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) के आठ कार्यकर्ताओं को भाजपा दफ्तर में सम्मानित किया गया। इस पर आम आदमी पार्टी भड़क गई और भाजपा को गुंडों की पार्टी करार दे डाला। जवाब में भाजपा ने मुख्यमंत्री को हिंदू विरोधी बताते हुए समाज से माफी मांगने की बात कही। इस मामले को लेकर शुक्रवार को दिनभर सियासी पारा गरम रहा।

विज्ञापन


दिल्ली विधानसभा में ‘दा कश्मीर फाइल्स’ फिल्म पर आए मुख्यमंत्री के बयान के खिलाफ भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने 30 मार्च को सीएम आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। इस दौरान प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास के मुख्य गेट तक पहुंच गए और बूम बैरियर के साथ सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। गेट पर रंग भी पोत दिया था।

इस मामले में पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की थी। 14 दिन बाद जमानत पर छूटे आठ कार्यकर्ताओं का शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने पार्टी दफ्तर में सम्मान किया। गुप्ता ने बताया कि हिंदू विरोधी अरविंद केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जेल भेजे गए आठ कार्यकर्ताओं को 14  दिन बाद जमानत मिली है। प्रदेश कार्यालय में अपने इन कार्यकर्ताओं का स्वागत किया गया। भाजपा का हर कार्यकर्ता हिंदू विरोधी ताकतों के खिलाफ लड़ता रहेगा।
विज्ञापन


इसकी जानकारी मिलने के बाद आप नेता भाजपा पर हमलावर हो गए। आप विधायक आतिशी ने कहा कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार पर हमला करने वालों को सम्मानित कर भाजपा ने बता दिया कि वह गुंडों की पार्टी है। भाजपा नेता गुंडों और बलात्कारियों को सम्मानित कर आगे बढ़ाते हैं। भाजपा का गुंडागर्दी का डीएनए है और गुंडागर्दी, बलात्कार, अपहरण करने वाले लोगों को भाजपा आगे बढ़ाती है। आरोप लगाया कि भाजपा के 50 नेताओं पर छेड़छाड़, दुष्कर्म आदि के आरोप हैं।

आतिशी ने कहा कि पूरे देश के सामने दो विकल्प हैं। एक तरफ भाजपा है, जिनके पास गुंडागर्दी करने वालों की लिस्ट है और दूसरी तरफ आप है, जिसमें पढ़े-लिखे डिग्रीधारी शरीफ लोग हैं।

‘कार्यकर्ताओं को दिया भावनात्मक समर्थन’
आप विधायक के हमलों के जवाब में भाजपा नेता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि दिल्ली भाजपा ने जेल से रिहा होने पर युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को भावनात्मक समर्थन दिया है। उनका सवाल था कि मुख्यमंत्री आवास के बाहर राजनीतिक प्रदर्शन में गिरफ्तार होने से अगर कोई गुंडा बन जाता है तो विधायक अमानुतुल्लाह खां जैसे लोग क्या हैं, जो मुख्यमंत्री आवास के अंदर मुख्य सचिव से मारपीट के दोषी हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन में मुख्यमंत्री के विरुद्ध कोई हिंसा नहीं की। उनको कोई चोट भी नहीं पहुंचाई गई। 

विज्ञापन

‘भाजपा में जो जितनी बदमाशी करेगा, उतना ही आगे बढ़ेगा’

दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से सम्मान मिलने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) ने हमलावर हो गई है। वरिष्ठ नेता और विधायक आतिशी ने कहा कि ऐसा करके भाजपा ने अपना असली चेहरा देश को दिखा दिया कि वो गुंडों की पार्टी है। आतिशी यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने कहा कि भाजपा गुंडों व बलात्कारियों को सम्मानित कर आगे बढ़ाती है।

साथ ही उसने अपने कार्यकर्ताओं को संकेत दिया है कि वह जितनी ज्यादा गुंडागर्दी करेंगे, उतना ही भाजपा उन्हें आगे बढ़ाएगी। आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा के सांसद तेजस्वी सूर्या के नेतृत्व में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर हमला हुआ। इसमें कई भाजपा के कार्यकर्ता शामिल थे। इस पर हाईकोर्ट ने बहुत सख्त टिप्पणी की और कई दिनों तक आरोपियों को जमानत नहीं दी। जब कोर्ट ने आरोपियों को जमानत दी तो भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने प्रदेश कार्यालय में इन्हें सम्मानित किया। 

आतिशी ने भाजपा के ऐसे नेताओं के नाम गिनाए, जिन पर तोड़फोड़, गुंडागर्दी, छेड़छाड़, बलात्कार, अपहरण के आरोप हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री आवास पर हमले के बाद सोनिया विहार के यूजीआर पर भाजपा नेताओं ने इसी प्रकार की गुंडागर्दी करने की कोशिश की। इसी तरह का हमला 10 दिसंबर 2020 को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास पर हुआ था। इन्हीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने दिसंबर 2020 में दिल्ली जल बोर्ड के ऑफिस में हमला किया था।

गुंडों को कैबिनेट में भी देती है पद
आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा ऐसे अपराधियों को सांसद और विधायक बनाने के बाद कैबिनेट में पद भी देती है। वहीं, आप पढ़े-लिखे लोगों की पार्टी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आईआईटी से ग्रेजुएट हैं और सिविल सेवा में रह चुके हैं। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया  जाने-माने पत्रकार रह चुके हैं।

राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और लंदन स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स से पढ़े हैं। दूसरे राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक आईआईटी में प्रोफेसर रह चुके हैं। पंजाब के विधायकों में 12 डॉक्टर हैं। इनके अलावा कई नेता वकील, सिविल सेवा से जुड़े रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें