नई दिल्ली। जो उम्र पढ़ने और खेलने-कूदने की है उसमें तीन नाबालिगों ने झपटमारी और वाहन चोरी करना शुरू कर दिया। दक्षिण जिले की नारकोटिक्स सेल ने तीन नाबालिगों को पकड़ा है। आरोपियों की उम्र 14 से 15 वर्ष के बीच है। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से 10 आपराधिक केसों को सुलझाने का दावा किया है। उनके कब्जे से लूटे गए छह मोबाइल फोन व पांच स्कूटी बरामद की हैं।
दक्षिण जिला डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि नारकोटिक्स सेल में तैनात हवलदार सतीश को सूचना मिली थी कि चोरी, झपटमारी और वाहन चोरी की वारदात में शामिल तीन लड़के चोरी के वाहन को बेचने के लिए भामाशाह पार्क, दक्षिणपुरी में आने वाले हैं। नारकोटिक्स सेल प्रभारी सत्यबीर सिंह की देखरेख में एसआई अजीत, ओंकार व सिकंदर की विशेष टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने दक्षिणपुरी में घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। आरोपी दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में वारदात कर रहे थे। दो नाबालिग के खिलाफ पहले से तीन मामले दर्ज हैं।