दिल्ली यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट एग्जामिनर के घर हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर करीब 36 लाख रुपये का माल लूट लिया। वारदात के दौरान आरोपियों ने पीड़ित और उसकी बुजुर्ग मां को रस्सियों से बांध दिया।
फरार होते समय आरोपियों ने पुलिस को सूचना देने पर बेटे और परिवार को गोली मारने की सूचना दी। डर की वजह से परिवार ने घटना के 24 घंटे बाद मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित सुनील शर्मा (40) परिवार के साथ दयालपुर के नेहरू विहार में रहते हैं। परिवार में पत्नी व बच्चों के अलावा बुजुर्ग मां दुलारी शर्मा (65) हैं। सुनील डीयू में असिस्टेंट एग्जामिनर हैं।
रविवार दिन में उनकी पत्नी और बच्चे किसी रिश्तेदार के यहां गए थे। इसी दौरान करीब पौने चार बजे हथियारबंद नकाबपोश चार बदमाश घर में घुस गए। दो बदमाश घर के बाहर निगरानी करते रहे। आरोपियों ने हथियार दिखाकर सुनील व उनकी मां दुलारी को बांध दिया। इसके बाद घर में रखे 16 लाख रुपये और करीब 20 लाख रुपये के जेवरात लूट लिए।
जाते समय परिवार को जान से मारने की धमकी देने की वजह से सुनील और उनके परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस से सोमवार को की, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू हुई।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पता चलता है कि आरोपी काफी देर पहले पीड़ित के घर के पास आकर एक ऑटो में बैठ गए थे। मौका लगते ही उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आशंका जता रही है कि वारदात में पीड़ित के किसी जानकार का हाथ हो सकता है।