लॉकडाउन के दौरान मार्च से ही 25 लाख के कर्ज का ब्याज नहीं दे पाने के कारण गिरवी रखी दो करोड़ की प्रॉपर्टी के कागजात छुड़ाने के लिए एक वकील के मुंशी ने कर्ज देने वाले कारोबारी के घर पर ही डकैती डलवा दी। इसके लिए उसने बदमाशों को 15 लाख रुपये की सुपारी दी। वारदात में एक महिला समेत दस लोग शामिल थे, जिनमें से पुलिस ने मुंशी समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
एक पहलवान और उसकी गर्लफ्रेंड की तलाश में दबिश दी जा रही है। बदमाशों के कब्जे से पिस्टल, कट्टा, 11 कारतूस, चाकू, स्कॉर्पियो, एक लग्जरी कार और प्रॉपर्टी के कागज जब्त कर लिए हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त दीपक पुरोहित ने बताया कि आरोपियों की पहचान मनप्रीत, राजवीर, विवेक, प्रवीण, अरुण, महेश, विक्की और अरविंद कुमार के रूप में हुई है। सभी रोहिणी, मंदिर मार्ग, करावल नगर, गाजियाबाद और बागपत यूपी के रहने वाले हैं।
पुरोहित ने बताया कि मनप्रीत (31) एक वकील के यहां मुंशी का काम करता है। दो साल पहले उसने विकासपुरी निवासी कारोबारी परविंदर खन्ना से 25 लाख का कर्ज लिया था। इसके बदले में उसने दो करोड़ की प्रॉपर्टी के कागजात गिरवी रखे थे।
लॉकडाउन से पहले तक वह हर माह 75000 रुपये नियमित ब्याज चुका रहा था, लेकिन मार्च के बाद से वह ब्याज राशि नहीं जमा करवा पाया। ब्याज के बढ़ते दबाव को देखते हुए उसने अपने दोस्त राजवीर को बताई जो एक अस्पताल में स्वीपर है। मनप्रीत से उसकी मुलाकात वकील के यहां किसी काम के सिलसिले में आने पर हुई थी।
उसने प्रवीण से बात की और कारोबारी के घर से प्रॉपर्टी के कागजात उड़ाने की साजिश रची ताकि कारोबारी के पास कर्ज की राशि के क्लेम के लिए कोई दस्तावेज ही नहीं बचे। प्रवीण ने बदमाशों से बात की, जिन्होंने इस काम के लिए 15 लाख की सुपारी मांगी। मनप्रीत ने सुपारी देने की हामी भरी और अग्रिम तौर पर 35 हजार रुपये दे दिए।
यूं दिया वारदात को अंजाम
25 जुलाई की शाम एक महिला समेत चार बदमाश परविंदर खन्ना के घर में घुसे और उन्हें व उनकी नौकरानी को बंधक बनाकर लूटपाट की। इस दौरान मनप्रीत व अन्य बदमाश घर के बाहर कार में मौजूद थे। बदमाश कारोबारी के कब्जे से जेवरात व प्रॉपर्टी के कागजात लूटकर भागे निकले। पूछताछ में परविंदर ने बताया कि बदमाश घर में घुसते ही प्रॉपर्टी के कागजात की मांग कर रहे थे। पुुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित के बयान पर प्रॉपर्टी के कागजात को गिरवी रखने वाले मनप्रीत को गिरफ्तार कर लिया। उसने डकैती करवाने की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।