दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल।
- फोटो : @AamAadmiParty
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बिजली कटौती के बहाने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 'उत्तर प्रदेश में बिजली के खूब कट लग रहे हैं। उत्तर प्रदेश में तो बिजली फ्री नहीं है? उल्टे यूपी में बिजली बहुत महंगी है। फिर क्यों इतने पावर कट लग रहे हैं? दिल्ली में बिजली फ्री भी है और 24 घंटे आती है। कोई पावर कट नहीं लगता। दिल्ली में पढ़े लिखे प्रोफेशनल ईमानदार लोगों की सरकार है।
इस बीच आम आदमी पार्टी सोमवार से पूरे उत्तर प्रदेश में बिजली खोजो अभियान चलाएगी। पार्टी दो जुलाई को प्रदेश भर में लालटेन जुलूस भी निकालेगी। आप सांसद संजय सिंह ने रविवार को लखनऊ में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि हम बिजली कटौती को लेकर आंदोलन करेंगे। आम लोगों के लिए एक नंबर जारी किया जाएगा और उनसे अपील की जाएगी कि उनके क्षेत्र में कितनी देर बिजली आ रही है, इसे लेकर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालें और सीएम और पीएम को टैग करें।
उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी केंद्र की ओर से लाए जा रहे विद्युत उपभोक्ता अधिकार अधिनियम में संशोधन का भी विरोध करेगी। इसके तहत रात में बिजली की दरें 20 फीसदी तक महंगी करने की तैयारी है। आप यूपी में भी बिजली दरो में वृद्धि करने के प्रस्ताव का भी विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को केजरीवाल से सीखना चाहिए। दिल्ली में 24 घंटे मुफ्त बिजली दी जा रही है।