इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट
- फोटो : अमर उजाला
इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जा रहा है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन इस तरह की तकनीक अपना रहा है। एयरपोर्ट टर्मिनल-थ्री के छतों पर इसके लिए सेंसर लगाया गया है और निर्धारित कंट्रोल रूम से कड़ी नजर रखी जा रही है।
दिल्ली एयरपोर्ट संचालित करने वाली कंपनी दिल्ली अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विदेह कुमार जयपुरियार ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटलेजेंस से की मदद काफी कारगर साबित हो रही है। एयरपोर्ट परिसर के भीतर-बाहर व प्रवेश-निकास द्वार पर भी नजर रखी जा रही है। किसी भी क्षेत्र में सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन होने की स्थिति में कंट्रोल रूम से अलार्म बज उठता है और संबंधित तैनात कर्मी सतर्क हो जाते है। एयरपोर्ट कर्मचारी उस जगह पर पहुंचकर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हैं।
सेंसर के माध्यम से व्यक्ति घनत्व के सूचकांक को आंक लेता है और अलार्म के माध्यम से संदेश प्रेषित करता है। मीडिया से बातचीत में जयपुरियार ने इस प्रणाली के बारे में यह भी बताया कि चेक इन, इमिग्रेशन एरिया, सुरक्षा जांच स्थान के समीप भी सेंसर लगाया गया है। कुल 516 सेंसर लगा कर कड़ी निगरानी की जा रही है। यह भी कहा कि भले ही कोविड वैक्सीन लगना शुरू हो गया है, लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग को बनाए रखना बेहद जरूरी हे ताकि संक्रमण किसी तरीके से किसी व्यक्ति में नहीं हो सके।