-द्वारका इलाके में लग्जरी कार में हत्या का मामला, निचली अदालत ने आत्महत्या मानते हुए कर दिया था आरोपियों को बरी
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। उच्च न्यायालय ने 2016 में किशोरी की हत्या और यौन उत्पीड़न के मामले में बरी किए गए दो आरोपियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की अपील पर सुनवाई करने के लिए सहमति दी है। यह मामला द्वारका इलाके में लग्जरी कार में हुई हत्या से संबंधित है, जिसमें निचली अदालत ने इसे आत्महत्या का मामला मानते हुए आरोपियों को बरी कर दिया था। न्यायमूर्ति विवेक चौधरी और न्यायमूर्ति मनोज जैन की पीठ ने दिल्ली पुलिस की अपील पर सुनवाई के लिए सहमति दी और मामले की अगली सुनवाई दिसंबर में तय की है। अदालत ने आरोपियों को 25,000 रुपये की जमानत राशि जमा करने का निर्देश भी दिया।
यह मामला 20 दिसंबर 2016 को घटी एक घटना से जुड़ा है, जब एक नाबालिग लड़की को गोली लगने से संदिग्ध हालत में अस्पताल लाया गया था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी योगेश भारद्वाज और शुभम गुप्ता ने लड़की को एक लग्जरी कार में लेकर गए थे, जहां शराब पीने और हुक्का पीने के बाद लड़की की हत्या कर दी गई।
पुलिस ने मामले में हत्या, यौन उत्पीड़न और शस्त्र अधिनियम के तहत आरोप लगाए थे। आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, किशोर न्याय अधिनियम और पॉक्सो अधिनियम के तहत आरोप पत्र दाखिल किया गया था।
फोरेंसिक रिपोर्ट और डीएनए साक्ष्य
हाईकोर्ट ने मामले में फोरेंसिक रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों आरोपियों के रक्त और वीर्य के नमूने लेकर डीएनए प्रोफाइलिंग की गई थी, जो मृतका के शारीरिक साक्ष्यों से मेल खाती है। रिपोर्ट में यह भी पुष्टि हुई कि आरोपियों ने नाबालिग का यौन शोषण किया था। अदालत ने कहा कि अपील की सुनवाई के दौरान यह स्पष्ट किया जाएगा कि यह घटना आत्महत्या थी या हत्या। उच्च न्यायालय ने कहा कि इस प्रकार के हत्या मामलों में कम से कम एक न्यायिक जांच अनिवार्य होती है, ताकि सभी साक्ष्य और तथ्य सही तरीके से जांचे जा सकें। अदालत ने यह भी कहा कि अपील के पहले सुनवाई के दौरान कोई तकनीकी मुद्दे नहीं उठाए जा सकते। इस मामले में पुलिस ने 2016 में प्राथमिकी दर्ज की थी और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मामले की जांच में यह पाया गया कि लड़की की हत्या से पहले आरोपियों ने उसे प्रताड़ित किया और यौन शोषण किया।