निजी स्कूलों में ईडब्ल्यूएस श्रेणी के आवेदक 20 तक करें आवेदन
द पहला कंप्यूटराइज्ड ड्राॅ 24 सितंबर को निकाला जाएगा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में सरकारी जमीन पर बने निजी स्कूलों में बीस फीसदी आर्थिक पिछड़े वर्ग (ईडब्ल्यूएस) की सीटों पर दूसरी से लेकर नौवीं कक्षा तक में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया मंगलवार को शुरू हो गई। आवेदक शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट के माध्यम से 20 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद पहला कंप्यूटराइज्ड ड्राॅ 24 सितंबर को निकाला जाएगा। शिक्षा निदेशालय ने इन सीटों पर दाखिले के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
दिशा-निर्देशों के अनुसार दूसरी कक्षा में दाखिले के लिए बच्चे की आयु छह वर्ष से अधिक व सात वर्ष से कम, तीसरी कक्षा के लिए आयु सात वर्ष से अधिक व आठ वर्ष से कम, चौथी कक्षा के लिए आठ वर्ष से ज्यादा व नौ वर्ष से कम होना जरूरी है। इसी तरह से पांचवीं कक्षा में दाखिले के लिए बच्चे की आयु नौ वर्ष से ज्यादा व दस वर्ष से कम, छठी के लिए दस वर्ष से ज्यादा ग्यारह वर्ष से कम, सातवीं के लिए 11 वर्ष से ज्यादा 12 वर्ष से कम, आठवीं के लिए 12 वर्ष से ज्यादा व 13 वर्ष से कम और नौवीं कक्षा के लिए 13 वर्ष से ज्यादा व 14 वर्ष से कम होना अनिवार्य है।
दिल्ली निवासी ऐसे आवेदक जिनके माता-पिता की वार्षिक आय पांच लाख से कम है, उनके बच्चे स्कूलों में दाखिले के योग्य हैं। इन सीटों पर दाखिले के लिए बच्चों से किसी प्रकार की कैपिटेशन फीस और डोनेशन मांगना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। एक बार कंप्यूटराइज्ड ड्राॅ से स्कूल का आवंटन होने के बाद उसे किसी भी स्थिति में बदला नहीं जाएगा।
दिल्ली के निजी गैर-सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त विद्यालयों (जो डीडीए-सरकार द्वारा आवंटित भूमि पर संचालित हैं) में प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9818154069 पर सभी कार्य दिवसों (सोमवार से शुक्रवार) में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क किया जा सकता है। निदेशालय ने इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है। निर्देशों की अवहेलना को गंभीरता से लिया जाएगा।