अतिक्रमण व गंदगी हटाने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। दिल्ली की उप महापौर डॉ. मोनिका पंत ने मंगलवार को घड़ौली वार्ड का औचक निरीक्षण कर स्थानीय समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अतिक्रमण, अवैध डेयरियों और सड़कों पर बेलगाम घूम रहे लावारिस पशुओं को लेकर सख्त रुख अपनाया।
निरीक्षण की शुरुआत जीडी कॉलोनी ए-ब्लॉक से हुई, जहां उन्होंने जीबीबी पॉइंट का मुआयना किया और स्थानीय निवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर अनधिकृत कब्जा बर्दाश्त नहीं होगा और चिन्हित स्थलों से प्राथमिकता से अतिक्रमण हटाया जाए।
अवैध डेयरियों से गोबर के अनुचित निस्तारण से फैल रही दुर्गंध व नालियों के चोक होने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित विभाग को तत्काल विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए। सड़कों पर आवारा मवेशियों के कारण जाम व हादसों की आशंका को गंभीरता से लेते हुए पशु चिकित्सा विभाग को तुरंत पशुओं को पकड़कर निर्धारित स्थलों पर भेजने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय बनाकर स्थायी समाधान करने और नियमित समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत करने के को कहा। निरीक्षण में पार्षद प्रियंका गौतम व ईस्ट जोन के डीसी अजहरोद्दीन काजी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।