दिल्ली में एक तरफ बीते दो दिन में कोरोना की एंटीजन जांच तीन गुना तक बढ़ गई हैं। लेकिन हजारों की तादाद में रोजाना संक्रमित रोगी मिलने के चलते अब संक्रमण स्त्रोत भी मिसिंग होने लगे हैं। हर मरीज का संक्रमण स्त्रोत नहीं मिल पा रहा है।
दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट की मानें तो राजधानी में संक्रमण स्त्रोत लगतार मिसिंग हो रहा है, जिसकी वजह से आगामी दिनों में संक्रमण के और अधिक फैलाव की आशंका भी जताई जा रही है। इतना ही नहीं दिल्ली में एक बार फिर से बाहरी राज्यों के लोगों की जांच संख्या भी बढ़ने लगी है। आसपास के शहरों से दिल्ली आकर काफी लोग जांच करा रहे हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में जैसे जैसे कोरोना संक्रमण के दैनिक मामलों में उछाल आया है। उसी के साथ संक्रमण स्त्रोत के मिसिंग मामले भी बढ़ने लगे हैं। साथ ही बाहरी राज्यों से आने वालों की जांच में भी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि अब राजधानी में एक दिन में ही 90 हजार सैंपल की जांच हो रही है जिसकी वजह से काफी हद तक संक्रमित मरीजों की पहचान भी हो पा रही है।
आंकड़ों की मानें तो इस साल एक जनवरी को राजधानी में 74622 सैंपल की जांच हुई थी जिनमें से 9999 जांच एंटीजन किट्स के जरिए हुईं। तीन जनवरी को एक दिन में 5664 सैंपल की जांच एंटीजन से हुई लेकिन पांच जनवरी को 17597 सैंपल की जांच में एंटीजन तकनीकी का इस्तेमाल किया गया है।