एलजी बैजल ने संबंधित अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों में पूरी तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन से न सिर्फ भारत बल्कि पूरी दुनिया की चिंता बढ़ गई है।
विदेश में कोरोना के नये वेरिएंट मिलने की खबरों के बीच दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने मुख्य सचिव और पुलिस आयुक्त समेत सभी वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कोविड प्रोटोकाल को सार्वजनिक स्थलों पर सख्ती से लागू करवाएं। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों को तेजी से काम करना है।
विज्ञापन
आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि उपराज्यपाल ने कोविड से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। उधर, मुख्यमंत्र अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि वह उन देशों से आने वाली उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दें, जहां नया वैरिएंट सक्रिय है।
दरअसल, सोमवार को दिल्ली आपदा प्रबंध प्राधिकरण (डीडीएमए) की बैठक होनी है। इसमें अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से दिल्ली पहुंचने वाले यात्रियों की आरटी-पीसीआर जांच समेत दक्षिण अफ्रीका, बोत्सवाना, जिम्बांबे, हांगकांग के यात्रियों को क्वरंटीन करने जैसे मसलों पर चर्चा हो सकती है। इन देशों में कोरोना के नए वेरिएंट से पीड़ित मरीज मिल रहे हैं। उपराज्यपाल की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में विशेषज्ञों के साथ उड्डयन मंत्रालय के अधिकारी भी शिकरत करें। इसमें विदेशों में नए वेरिएंट मिलने के बाद की हालात पर चर्चा होगी।
विज्ञापन
इससे पहले शनिवार सुबह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री से अपील की थी कि वह नए वेरिएंट से प्रभावित देशों से भारत आने वाली फ्लाइट पर पाबंदी लगा दें। केजरीवाल के मुताबिक, प्रधानमंत्री से गुजारिश है कि वह उन विदेशी उड़ानों पर पाबंदी लगा दें, जहां कोरोना का नया वेरिएंट मिल रहा है। बेहद कठिन दौर से भारत कोरोना से उबरा है। हमें उन सभी संभव विकल्पों पर काम करना चाहिए, जिससे भारत को नए वेरिएंट के खतरे से बचाया जा सके।