राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में तीनों प्रमुख दलों ने एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप के बीच मतदाताओं को अपनी ओर मोड़ने के लिए अन्य रणनीति भी तय की है। इस कड़ी में उन्होंने मतदाताओं से वोट मांगने की मुख्य योजना बहुत सोच समझकर तय की है। इस मामले में उन्होंने एक-दूसरे दल की काट के साथ-साथ मतदाताओं का करीबी दिखाने का प्रयास किया है।
आम आदमी पार्टी ने पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नाम पर वोट मांगने का निर्णय लिया है। आप ने होर्डिंग्स एवं पोस्टरों के माध्यम से पार्टी एवं उम्मीदवार को नहीं, बल्कि अरविंद केजरीवाल को वोट देने की अपील की है। आप ने इन होर्डिंग्स एवं पोस्टरों में न तो दिल्ली सरकार के कामकाज की चर्चा की है और न ही विरोधी दलों पर निशाना साधा है।
इतना ही नहीं, होर्डिंग्स एवं पोस्टरों में पार्टी उम्मीदवार दुर्गेश पाठक का केवल फोटो लगाया गया है। इसके अलावा आप के कार्यकर्ता घर-घर दस्तक देने और उसके नेता भाषणबाजी के दौरान अरविंद केजरीवाल के नाम पर वोट देने की अपील कर रहे हैं। इस तरह आम आदमी पार्टी जीत के मामले में पूरी तरह अरविंद केजरीवाल के चेहरे पर निर्भर है।
उधर, भाजपा ने मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए कई योजनाओं पर कार्य शुरू किया है। भाजपा ने मतदाताओं में पैठ बनाने के लिए अपने उम्मीदवार राजेश भाटिया को मुख्य चेहरा बनाया है। वह उनके काम को ही उनकी पहचान करार देकर उसका सहारा ले रहे हैं। हालांकि इस तरह के होर्डिंग्स एवं पोस्टरों में उनके काम की कोई चर्चा नहीं है।
इसके अलावा भाजपा अपने उम्मीदवार को स्थानीय और आप उम्मीदवार को बाहरी करार देते हुए भी मतदाताओं में घुसपैठ करने की कोशिश कर रही है। वहीं वह इलाके के पूर्व विधायक राघव चड्ढा पर समस्याओं का समाधान नहीं कराने और इलाके से दूरी बनाने का आरोप लगा रही है। लिहाजा भाजपा को अपनेे उम्मीदवार के काम और आप के उम्मीदवार के बाहरी और इलाके के पूर्व विधायक राघव चड्ढा पर इलाके की उपेक्षा के आरोप में जीत की संभावना नजर आ रही है।
कांग्रेस ने चुनाव जीतने की रणनीति तय करने का मामला पूरी तरह पार्टी उम्मीदवार प्रेम लता पर छोड़ रखा है। वह मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए उन्हें ही कांग्रेस का उम्मीदवार करार देते हुए चुनाव जीतने के लिए जुटने का आह्वान कर रही हैं। वह मतदाताओं से अपील कर रही हैं कि इस चुनाव में वह कांग्रेस उम्मीदवार नहीं हैं, बल्कि इलाके की जनता उम्मीदवार है और जनता ने तय करना है कि उसने चुनाव जीतना है या फिर हारना। इस तरह कांग्रेस चुनाव जीतने के मामले में जनता के रुख पर निर्भर है। इसके मद्देनजर कांग्रेस उम्मीदवार जनता के कंधे पर बंदूक रखने में लगी हुई हैं।
राजेंद्र नगर उपचुनाव जीतने के लिए भाजपा ने उतारे 40 दिग्गज
राजेंद्र नगर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी को जिताने के लिए भाजपा 40 दिग्गजों को उतारेगी। आम आदमी पार्टी को घेरने के लिए न केवल सांसद बल्कि 9 केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय पदाधिकारी रोड शो, चुनावी रैली, पदयात्रा कर वोटरों को लामबंद करेंगे।
दिल्ली के सात सांसद तो प्रचार करेंगे ही साथ ही केंद्रीय मंत्री भी चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे। इनमें मुख्य रूप से केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, स्मृति ईरानी, भूपेंद्र यादव, मीनाक्षी लेखी, गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, अर्जुन राम मेघवाल, नरेंद्र सिंह तोमर, राधा मोहन सिंह, बैजयंत जय पांडा, दुष्यंत गौतम, अलका गुर्जर, डॉ. हर्षवर्धन शामिल हैं। इसके साथ ही भाजपा ने अपने स्टार प्रचारक सांसद मनोज तिवारी, रवि किशन, स्टार क्रिकेटर व सांसद गौतम गंभीर से भी रोड शो कराएगी।
पार्टी प्रत्याशी राजेश भाटिया की जीत पक्की करने के लिए सांसद रमेश बिधूड़ी, प्रवेश वर्मा, हंस राज हंस, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल समेत भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता, अभय वर्मा, अनिल वाजपेयी, ओपी शर्मा, जितेंद्र महाजन, अजय महावर, मोहन सिंह बिष्ट भी उतरेंगे। नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह विधूड़ी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता समेत संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, पार्टी पदाधिकारी कुलजीत चहल, हर्ष मल्होत्रा, दिनेश प्रताप सिंह, कर्मवीर कर्मा, हरीश खुराना, विनोद सहरावत, भूपेंद्र गोठवाल, योगिता सिंह समेत कई नेता चुनाव प्रचार में शरीक होंगे। स्टार प्रचारकों की सूची में भाजपा ने पूर्वांचली, पंजाबी, सिख, वैश्य, गुजर, जाट और महिलाओं को भी चुना है।
14 प्रत्याशी मैदान में
राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र उप चुनाव के लिए 14 उम्मीदवार मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस उम्मीदवारों के बीच माना जा रहा है। दूसरी पार्टियों के उम्मीदवारों के साथ आठ निर्दलीय उम्मीदवार भी अपना भाग्य अजमा रहे हैं। नामांकन वापस लेने की आखिरी दिन बृहस्पतिवारको किसी भी उम्मीवार ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया। शुक्रवार से प्रचार की जंग शुरू हो जाएगी।