कोरोना संक्रमण की पांचवीं लहर को लेकर करीब 45 दिन बाद दिल्ली को राहत मिली है। राजधानी के सभी जिले रेड जोन से बाहर आए हैं जो 10 फीसदी से भी अधिक संक्रमण दर होने के कारण पिछले वर्ष 31 दिसंबर से रेड जोन में चल रहे थे। हालांकि अभी भी चार जिले ऑरेंज जोन में हैं जहां संक्रमण पांच से 10 फीसदी के बीच है। हालांकि इस सप्ताह के अंत तक इन जिलों में भी हालात नियंत्रण में आने की संभावना जताई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 31 जनवरी से छह फरवरी के बीच जिला वार संक्रमण को लेकर एक रिपोर्ट तैयार की है जिसमें पता चला है कि दिल्ली के 11 में से तीन जिलों में संक्रमण दो फीसदी से भी नीचे है। वहीं सभी जिले रेड जोन से बाहर हैं।
जिन चार जिलों में संक्रमण अभी भी चिंताजनक बना हुआ है उनमें दक्षिण, उत्तर पश्चिम, नई दिल्ली और पश्चिम दिल्ली शामिल है। वहीं उत्तर पूर्वी, शाहदरा और मध्य दिल्ली जिले में संक्रमण 1.98 से 1.14 फीसदी के बीच रह गया है।
आंकड़ों के अनुसार बीते 20 जनवरी तक दिल्ली के लगभग सभी जिले रेड जोन में थे। उस दौरान इन जिलों में औसतन संक्रमण दर 28 फीसदी तक दर्ज की गई लेकिन इसके बाद संक्रमण के मामलों में लगातार गिरावट दर्ज की जाने लगी।
अधिकारियों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से दैनिक संक्रमण में काफी गिरावट देखने को मिल रही है।इस स्थिति के आधार पर यह उम्मीद जताई जा सकती है कि आगामी दिनों में दिल्ली के सभी 11 जिले ग्रीन जोन में पहुंच जाएंगें।
क्या कहती है जिला वार रिपोर्ट
रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के पूर्वी जिले में कोरोना की साप्ताहिक संक्रमण दर 4.1 फीसदी है। यहां बीते सात दिन में 83 फीसदी जांच आरटी पीसीआर के जरिए हुई है। इसी तरह दक्षिण पूर्वी में संक्रमण दर 3.42, दक्षिण पश्चिम में 3.17, उत्तर में 2.43, मध्य में 1.98, शाहदरा में 1.80 और उत्तर पूर्वी जिले में 1.14 फीसदी दर्ज की गई। इन जिलों में क्रमश: 67, 96,74,73, 83 और 85 फीसदी जांच आरटी पीसीआर के जरिए हुईं।
इन चार जिलों पर ध्यान देना जरूरी
विभागीय रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली के चार जिलों पर फिलहाल अधिक ध्यान देने की जरूरत है। इनमें सबसे पहले दक्षिणी जिला है जहां अभी भी करीब 10 फीसदी संक्रमण दर बनी हुई है। बाकी जिलों की तुलना में यहां संक्रमण अभी भी चिंताजनक है। दक्षिणी दिल्ली में 77 फीसदी सैंपल की जांच आरटी पीसीआर के जरिए हुई। जबकि 23 फीसदी जांच में रैपिड किट्स का इस्तेमाल किया गया है।
इसी तरह उत्तर पश्चिम में 5.86, नई दिल्ली में 5.70 और पश्चिम दिल्ली में 5.67 फीसदी सैंपल बीते एक सप्ताह में कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। विभाग की ओर से इन चारों जिला प्रशासनों को रिपोर्ट साझा करते हुए जमीनी स्तर पर प्रयास बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।