नई दिल्ली। कोविड-19 के कारण लगभग साढ़े छह महीने बंद रहने के बाद स्वामी नारायण अक्षरधाम मंदिर अनलॉक-5 में मंगलवार को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। अभी मंदिर केवल शाम 5 बजे से 6.30 बजे तक ही खोला जाएगा। मंगलवार को काफी संख्या में लोग पहुंचे।
राजधानी दिल्ली में स्थित स्वामी नारायण अक्षरधाम मंदिर के प्रति लोगों में अपार श्रद्धा का भाव है। इस बात को ऐसे भी समझा जा सकता है कि मंगलवार को अक्षरधाम मंदिर केवल डेढ़ घंटे के लिए खुला और यहां पर लगभग एक हजार के आसपास श्रद्धालु पहुंच चुके थे। अक्षरधाम मंदिर में प्रवेश के लिए एक द्वार बनाया गया था, जहां पर प्रत्येक व्यक्ति की पहले बाकायदा थर्मल स्क्रीनिंग की गई। प्रवेश द्वार पर ही मंदिर प्रशासन के लोग मास्क लेकर बैठे थे, ताकि जो लोग बिना मास्क के यहां आएं, उन्हें सस्ते दाम पर वह मास्क उपलब्ध करा सकें।
मंदिर में प्रवेश कराने के लिए सामाजिक दूरी का पालन कराते हुए लोगों को 2 फीट की दूरी पर खड़ा कराया गया। द्वार पर ही लोगों के हाथों को सैनिटाइज किया गया। इसके अलावा मंदिर प्रशासन ने इस बात की निगरानी रखी कि कहीं पर भीड़ इकट्ठी न होने पाए। वहीं बड़ी संख्या में लोग सैनिटाइजर अपने साथ भी लेकर आए थे। इस दौरान मंदिर की प्रसिद्ध झांकी, प्रदर्शनी और अभिषेक मंडप को बंद रखा गया। इसके अलावा मंदिर के कई अन्य क्षेत्रों में भी लोगों के जाने पर पाबंदी रही। मंदिर प्रशासन ने यहां का मशहूर वाटर शो शुरू कर दिया है। हालांकि 5 बजे से 6.30 बजे के बीच जो लोग मंदिर में प्रवेश कर चुके थे, उन लोगों को 8.30 बजे तक ही यहां पर रुकने की इजाजत दी जा रही है।