पहले चरण का शीत अवकाश पूरा होने के बाद दिल्ली एम्स ने सभी डॉक्टरों को वापस अस्पताल बुलाया है। मंगलवार को एम्स प्रबंधन ने फैसला लिया है कि शीत अवकाश के तहत छुट्टियों पर चल रहे डॉक्टरों को चिकित्सीय सेवाओं में वापस बुलाया जाए क्योंकि राजधानी दिल्ली में लगातार कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं
दूसरे चरण के तहत एम्स के 50 फीसदी वरिष्ठ डॉक्टर दो जनवरी से अवकाश पर चल रहे हैं। अब इन्हें पांच जनवरी से अस्पताल आकर ड्यूटी ज्वाइन करने के निर्देश जारी हुए हैं। जानकारी के अनुसार एम्स में सालाना शीत अवकाश पर वरिष्ठ डॉक्टर (फैकल्टी) करीब एक सप्ताह के अवकाश पर रहते हैं।
चिकित्सीय सेवाएं प्रभावित न रहें, इसलिए एम्स प्रबंधन सालाना दो चरण में डॉक्टरों को यह अवकाश देता है। इस साल भी एम्स प्रबंधन ने दो चरण के तहत ही अवकाश पर जाने की अनुमति दी थी। इसके तहत पहला चरण 23 से 31 दिसंबर तक था।
वहीं दूसरा चरण दो से 10 जनवरी के बीच था। पहले चरण पर 50 फीसदी स्टाफ को शीत अवकाश दिया गया लेकिन बाकी स्टाफ बीते दो जनवरी से अवकाश पर गया था।