नई दिल्ली। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) ने अपने स्कूलों के विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की जानकारी और तकनीकी कौशल से लैस करने के लिए एआई साक्षरता कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत एनडीएमसी के नौ स्कूलों में कक्षा नौवीं से 12वीं तक के करीब 2741 विद्यार्थियों को 12 सप्ताह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को एआई के व्यावहारिक इस्तेमाल, पढ़ाई में इसकी उपयोगिता और नई तकनीक के माध्यम से रचनात्मक क्षमता बढ़ाने के तरीके सिखाए जाएंगे।
सरोजिनी नगर स्थित नवयुग स्कूल में बृहस्पतिवार को एनडीएमसी के चेयरमैन मनोज कुमार द्विवेदी ने सेंटर फॉर पॉलिसी रिसर्च एंड गवर्नेंस (सीपीआरजी) के सहयोग से शुरू किए गए इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसमें विद्यार्थियों को जनरेटिव एआई, प्रभावी प्रॉम्प्ट लिखने, एआई की मदद से पढ़ाई करने, कंटेंट तैयार करने और एआई से प्राप्त जानकारी की विश्वसनीयता जांचने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन मनोज कुमार द्विवेदी ने कहा कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को एआई की बुनियादी समझ देना और यह बताना है कि तकनीक किस तरह दुनिया में बदलाव ला रही है। ब्यूरो