अग्निपथ योजना का विरोध दिल्ली में भी शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार सुबह नांगलोई रेलवे स्टेशन पर रेलवे परीक्षा में हो रही देरी और अग्निपथ योजना के विरोध में युवाओं ने ट्रेन रोककर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जींद-पुरानी दिल्ली के बीच चलने वाली ट्रेन को 15 मिनट तक रोके रखा।
आम आदमी पार्टी के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार की सेना भर्ती की नई योजना का विरोध कर रहे युवाओं का समर्थन किया है। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि इस योजना का देश में हर तरफ विरोध हो रहा है। इससे युवा नाराज हैं। उन्होंने युवाओं की मांग को सही करार कर दिया है।
केंद्र की अग्निपथ योजना के खिलाफ देशभर में युवा आक्रोशित हैं। बृहस्पतिवार को युवा हल्ला बोल की तरफ से दिल्ली के कनॉट प्लेस में विरोध प्रदर्शन किया गया। सुरक्षा के लिहाज से राजीव चौक मेट्रो स्टेशन का गेट नंबर पांच व छह करीब आधे तक बंद रहे। वहीं अनुमति नहीं होने के कारण प्रदर्शनकारियों को पुलिस हिरासत में लेकर मंदिर मार्ग थाने में ले गई।
कनॉट प्लेस में प्रदर्शनकारियों को मोमबत्ती लेकर विरोध प्रदर्शन करना था, लेकिन पुलिस ने प्रदर्शन को रोकते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सेना अभ्यर्थियों में सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश है। उन्होंने युवा विरोधी योजना को वापस लेने की मांग की है।
प्रदर्शन के दौरान युवा हल्ला बोल के कार्यकारी अध्यक्ष गोविंद मिश्रा, महासचिव रजत यादव और प्रशांत कमल भी शामिल हुए। प्रशांत कमल ने अभ्यर्थियों से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि हर विरोध संवैधानिक एवं शांतिपूर्ण ढंग से करना चाहिए। वहीं, रजत यादव ने कहा कि केंद्र सरकार को यह युवा विरोधी नीति वापस लेना पड़ेगी और नियमित भर्तियों को शुरू करना पड़ेगा।
रजत ने यह भी कहा कि तीन साल सेना भर्ती नहीं निकाले जाने के कारण भारी संख्या में युवाओं की उम्र अधिक हो गई है। इसलिए सरकार को नई भर्ती में क्षतिपूरक अवसर भी देना चाहिए। सेना भर्ती को जल्द शुरू करने को लेकर युवा हल्ला बोल के संस्थापक अनुपम ने पिछले महीने ही रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखा था। अनुपम ने कहा कि यह योजना युवा विरोधी ही नहीं, सेना विरोधी भी है और हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए उचित नहीं है।
युवा कांग्रेस ने मशाल जुलूस निकाला
भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी के नेतृत्व में अग्निपथ योजना के खिलाफ मशाल जुलूस निकाला गया। इस मौके पर श्रीनिवास ने कहा कि केंद्र की अग्निपथ योजना देश के युवाओं के लिए विनाशपथ योजना साबित होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस भर्ती योजना के जरिये युवाओं के सपनों को रौंद रही है। कम वेतन, कम अवधि के नौकरी के नाम पर युवाओं का अपमान किया जा रहा है।
केंद्र सरकार पर युवा विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि ‘अग्निपथ’ के नाम पर धोखा किया जा रहा है। सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के मुंह से ‘अर्थी दो या वर्दी दो’ का नारा गूंज रहा है। उन्होंने कहा कि देश भर में अग्निपथ भर्ती योजना के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं। इसलिए इसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए। ब्यूरो
सेना पर सवाल उठाना सीएम की आदत : आदेश
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि सेना पर सवाल उठाना केजरीवाल की पुरानी नीति रही है। ट्वीट कर मुख्यमंत्री ने देश के युवाओं को भड़काने का काम किया है। गुप्ता ने कहा कि सेना में जाने वाले जवान सिर्फ नौकरी करने नहीं बल्कि देश की सेवा करने के लिए जाते हैं। मुख्यमंत्री ने देश के प्रति उनके समर्पण को नौकरी से जोड़कर सेवा भाव को छोटा करने का काम किया है।