ज्योति नगर इलाके में शनिवार चेकिंग के दौरान बदमाश ने एक पुलिसकर्मी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। सिपाही ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने उस पर दोबारा हमला कर दिया। इस दौरान दूसरे जवान ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो वह बोला की एचआईवी पॉजिटिव है, उससे दूर ही रहे। लेकिन इसके बाद भी जवानों ने आरोपी को नहीं छोड़ा।
पकड़े गए आरोपी की पहचान खंगावली, बुलंदशहर निवासी राहुल (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की एक बाइक बरामद की है। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी महज डराने के लिए खुद को एचआईवी पॉजिटिव बता रहा था। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सैन ने बताया कि ज्योति नगर थाने में तैनात सिपाही रोहित, कपिल और हवलदार नसीम वजीराबाद रोड पर वाहनों की जांच कर रहा था। इस दौरान लोनी गोल चक्कर से एक बाइक सवार को आता देखकर उसे रोका। रोहित ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। रोहित ने कुछ दूर पीछा कर आरोपी को दबोच लिया।
अभी रोहित ने उसे पकड़ा ही था कि आरोपी ने अचानक धारदार हथियार निकालकर रोहित के हाथ पर वार कर दिया। रोहित ने दूसरे हाथ से उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने दूसरे हाथ पर भी चाकू मार दिया। इसके बाद आरोपी फरार होने लगा। नसीम व कपिल ने आरोपी को काबू किया तो वह खुद को एचआईवी पॉजिटिव बताने लगा। लेकिन पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। बाद में उसे मेडिकल कराकर उसे गिरफ्तार कर लिया। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी पुलिस को डराने के लिए ही एचआईवी होने की बात कर रहा था। रोहित को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके हाथों में 12 टांके लगे हैं।