आईआईएमसी दिल्ली, केआर मंगलम यूनिवर्सिटी, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, डॉ. बीआर अंबेडकर यूनिवर्सिटी दिल्ली, संस्कृत यूनिवर्सिटी मथुरा समेत आठ यूनिवर्सिटी में स्नातकोत्तर प्रोग्राम में कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेस एग्जाम (सीयूईटी पीजी) 2022 की मेरिट से सीट मिलेगी।
शैक्षणिक सत्र 2022-23 में कुल 50 विश्वविद्यालयों ने सीयूईटी पीजी 2022 की मेरिट स्कोर से सीट देने का फैसला लिया है। सभी पचास विश्वविद्यालयों ने स्नातकोत्तर प्रोग्राम में सीयूईटी मेरिट से दाखिले को लेकर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) को सहमति दे दी है।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अध्यक्ष प्रो. एम जगदीश कुमार के मुताबिक, आईआईएमसी दिल्ली, गलगोटिया यूनिवर्सिटी नोएडा, डॉ. बीआर अंबेडकर यूनिवर्सिटी दिल्ली, संस्कृत यूनिवर्सिटी मथुरा, अरुणाचल यूनिवर्सिटी ऑफ स्ट्डीज, लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन ग्वालियर, विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी जयपुर ने स्नातकोत्तर प्रोग्राम के विभिन्न डिग्री प्रोग्राम में नेशनल टेंस्टिंग एजेंसी(एनटीए) द्वारा आयोजित होने वाली सीयूईटी पीजी 2022 के मेरिट स्कोर से दाखिला देने का फैसला लिया है।
यह विश्वविद्यालय हुए शामिल
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी, कश्मीर, पंजाब सेंट्रल यूनिवर्सिटी, सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी दिल्ली, बाबा साहिब अंबेडकर यूनिवर्सिटी लखनऊ आदि शामिल है।
छात्रों को सबसे अधिक लाभ
यूजीसी अध्यक्ष प्रो. कुमार कहते हैं कि 50 विश्वविद्यालय एक ऑनलाइन आवेदन पत्र और एक कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेस एग्जाम से स्नातकोत्तर प्रोग्राम में दाखिला देंगे। इसका सबसे अधिक लाभ छात्रों को ही होगा। पहले अलग-अलग आवेदन पत्र और प्रवेश परीक्षाएं देनी पड़ती थी। अब एक आवेदन पत्र से उन पर आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। साथ ही अच्छे विश्वविद्यालयों में अलग-अलग कोर्स की जानकारी मिलेगी।