नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता व विधायक सौरभ भारद्वाज ने दक्षिणी दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) में नेता सदन इंद्रजीत सेहरावत की संपत्तियों के बारे में सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि उनकी संपत्ति पिछले दो-ढाई साल में तीन गुना कैसे बढ़ गई। इस मसले में नेता सदन ने कहा है कि यह केवल बदनाम करने की साजिश है।
विधायक भारद्वाज ने पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि इंद्रजीत सेहरावत ने 2017 में निगम के चुनाव से पहले जो हलफनामा दिया था, उसके अनुसार इनके पास मात्र दो प्रॉपर्टी थी और लगभग डेढ़ करोड़ रुपये थे। एफिडेविट के अनुसार, इनके पास एल-128 महिपालपुर और वसंत कुंज में एक फ्लैट था। जबकि 2019-20 में उन्होंने निगम को एक और एफिडेविट दिया, इसमें सेहरावत ने अपनी 5 संपत्तियों का जिक्र किया। इस तरह इंद्रजीत की प्रॉपर्टी केवल दो से ढाई साल में लगभग 3 गुना कैसे बढ़ गई। इनके पास पहले 1.24 करोड़ रुपये थे, वो बढ़कर करीब 2.58 करोड़ रुपये कैसे हो गए। आप नेता ने नेता सदन पर और भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सेहरावत ने बिना लाइसेंस के होटल ओरियंट बनाया, जो कि चल रहा है। बसंत कुंज में डीडीए के फ्लैट पर अवैध कब्जा कर दो मंजिला बढ़ा लिया। अवैध निर्माण की शिकायत एमसीडी कमिश्नर से की गई है, इस मामले में हाईकोर्ट ने एमसीडी से स्टेटस रिपोर्ट मांगी है।
नेता सदन ने बयान को बताया साजिश
दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में नेता सदन इंद्रजीत सेहरावत ने विधायक सौरभ भारद्वाज के आरोपों को एमसीडी को बदनाम करने की साजिश बताया। उन्होंने कहा कि वह पहले भी इसी तरह के निराधार बयान देते रहे हैं। होटल ओरियंट 2008 से उनके और उनके दो भाइयों के नाम की संपत्ति है। इसका वह कमर्शियल हाउस टैक्स भरते हैं। उन्होंने बताया कि बसंत कुंज में फ्लैट को उन्होंने नक्शा पास करके बनवाया है।