नई दिल्ली। आदर्श नगर में सोमवार रात पार्क में दो गुटों के बीच हुए झगड़े में बीच-बचाव करना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गया। एक आरोपी ने युवक के सीने में चाकू घोंपकर उसे घायल कर दिया। घायल को दोस्त अस्पताल में ले गए, जहां मृत घोषित कर दिया गया। हत्या के बाद असामाजिक तत्वों ने घटना को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की, जिसको देखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी गौरव को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
मृतक की शिनाख्त आजादपुर के लाल बाग झुग्गी निवासी गुलजार के रूप में हुई है। सोमवार रात पुलिस को बाबू जगजीवन राम अस्पताल से युवक गुलजार की चाकू मारकर हत्या की जानकारी मिली थी। अस्पताल में गुलजार का दोस्त शादी नगर निवासी राहुल यादव मिला। उसने बताया कि वह वजीरपुर की एक फैक्टरी में हेल्पर है। सोमवार को उसका जन्मदिन था। दोस्त बॉबी ने कहा कि पार्क में केक काटेंगे। राहुल ने दोस्त गुलजार से फोन पर बात की। उसने बताया कि वह आजादपुर मार्केट में है और वहां से केक ला रहा है।
मील वाला पार्क में पहले से ही रूदल, सूरजा और वरुण मौजूद थे। गुलजार केक लेकर आ रहा था, लेकिन तीनों ने उसे रोक लिया और बातचीत करने लगे। दूसरी तरफ से अजय और गौरव आ रहे थे। गौरव और सूरजा के बीच पहले से कोई विवाद चल रहा था। आमना-सामना होने पर दोनों मारपीट करने लगे और चाकू से एक-दूसरे पर हमला करने लगे। गुलजार मारपीट कर रहे गौरव और सूरजा को समझाने की कोशिश करने लगा। गुस्से में आकर गौरव ने सूरजा को छोड़कर गुलजार के सीने में चाकू गोद दिया। चाकू लगते ही गुलजार वहीं गिर गया। उसके बाद सभी फरार हो गए।