बाहरी-उत्तरी दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में बृहस्पतिवार रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त राजा बाबू (20) के रूप में हुई है। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची भलस्वा डेयरी थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान कर ली है। पुलिस अधिकारी आशंका जता रहे हैं कि आपसी रंजिश में राजा बाबू की हत्या की गई।
दरअसल राजा बाबू एक युवक की हत्या में आरोपी था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि उसका बदला लेने के लिए ही राजा बाबू की हत्या की गई। राजा हत्या करने के समय नाबालिग था। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज थे। इस साल फरवरी माह में वह चोरी के एक मामले में जेल से छूटकर आया था।
पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार देर रात सूचना मिली कि गली नंबर-9, मुकुंदपुर में एक युवक को गोली मार दी गई है। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही युवक को बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया जा चुका था। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।