मधु विहार बस स्टैंड के पास पड़ी पिस्टल को खिलौना समझकर गर्भवती नर्स रेणु यादव (30) ने अपने बैग में रख लिया। वह अपने घर खेरा गांव में पहुंची। देर रात पति तपन यादव लौटा तो वह उसे पिस्टल दिखाने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान अचानक गोली चल गई और मधु के पेट में लगी। परिजन उसे लेकर नजफगढ़ के विकास अस्पताल पहुंचे। वहां उसकी हालत खतरे से बाहर है। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने रेणु के घर की तलाशी ली तो पिस्टल के साथ दो कारतूस भी मिले। पुलिस ने उसके खिलाफ अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, आयुष्मान अस्पताल की नर्स रेणु ने प्रॉपर्टी डीलर तपन के साथ तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था। रेणू से पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम अस्पताल से लौटते समय मधु विहार बस स्टैंड के पास उसे पिस्टलनुमा चीज दिखी तो खिलौना समझकर बैग में रख लिया। देर रात तपन लौटा तो वह पिस्टल निकालकर दिखाने लगी। इसी दौरान अचानक धमाका धमाका हुआ और उसके पेट से खून निकलने लगा।
माजरा समझते ही पति उसे लेकर अस्पताल पहुंचा और उसके परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर रेणु के घर से पिस्टल और दो कारतूस बरामद कर लिए। छावला थाना पुलिस ने रेणू पर बिना लाइसेंस पिस्टल रखने और उससे गोली चलाने का मामला दर्ज किया है। रेणु ने खुद को ही गोली चलाने का कसूरवार बताया है।