डीटीयू ने रजिस्ट्रार पद के लिए मांगे आवेदन
- विश्वविद्यालय को 18 फरवरी तक भेजें आवेदन
- पंद्रह वर्ष का प्रशासनिक अनुभव जरूरी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने रजिस्ट्रार पद के लिए आवेदन मांगे हैं। पांच वर्ष के कार्यकाल के लिए इच्छुक उम्मीदवार 18 फरवरी तक आवेदन भेज सकते हैं। उम्मीदार के पास 15 वर्ष का प्रशासनिक व शोध का अनुभव अनिवार्य है। इसमें कम से कम आठ वर्ष का डिप्टी रजिस्ट्रार या उससे मिलते प्रशासनिक पद का अनुभव भी शामिल होना चाहिए।
डीटीयू प्रबंधन के मुताबिक, रजिस्ट्रार पद की रेस के लिए उम्मीदवार भारतीय नागरिक होना चाहिए। उम्र 55 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। डेपुटेशन पर आने वाले उम्मीदवार को कम से कम पांच वर्ष का विजिलेेंस क्लीयरेंस भी देना पड़ेगा। आवेदन के साथ उम्मीदवार को 500 रुपये का डिमांड ड्रॉफ्ट भी देना होगा। उम्मीदवार के शैक्षिक योग्यता के पास फीसदी को सीजीपीए में तब्दील करने के आधार पर मेरिट तैयार होगी। इसमें 55 फीसदी अंक सीजीपीए में 6.25, 60 फीसदी अंक सीजीपीए में 6.75, 65 फीसदी अंक सीजीपीए में 7.25, 70 फीसदी अंक सीजीपीए में 7.75, 75 फीसदी अंक में सीजीपीए में 8.25 माना जाएगा। उम्मीदवार को मास्टर डिग्री में 55 फीसदी अंक, यूजीसी 7 प्वाइंट स्केल में बी ग्रेड, असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में 15 साल का अनुभव भी होना चाहिए। विश्वविद्यालय प्रबंधन के मुताबिक, उम्मीदवार को आवेदन पत्र में सभी कॉलम भरने अनिवार्य हैं। यदि कोई कॉलम खाली रहता है तो वहां एनए लिख दें।