नई दिल्ली। राजधानी में पांच दिन से कोरोना संक्रमण के रोजाना छह हजार से ज्यादा मामले आ रहे हैं। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने 6953 लोगों में संक्रमण की पुष्टि की, जबकि 79 मरीजों की मौत हो गई। राहत की बात यह रही कि 6338 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, कुल संक्रमित 4,30,784 हो गए हैं। इनमें 3,83,614 ठीक हो चुके हैं और 6912 लोगों की मौत हो चुकी है। कुल संक्रमण दर 8.53 फीसदी हो गई है। सक्रिय मामलों की संख्या 40258 हो गई है। इनमें 24100 मरीजों का घर पर ही इलाज चल रहा है और 7858 अस्पतालों में भर्ती हैं। एक दिन में 57433 जांच की गई। कंटेनमेंट जोन 3857 हो गए हैं।
कई अस्पतालों में वेंटिलेटर बेड भरे
कई निजी और सरकारी अस्पतालों में वेंटिलेटर वाले आईसीयू बेड भर चुके हैं। कोरोना एप के मुताबिक, कुल 1252 बेड में से 1010 भर चुके हैं। इनमें सफदरजंग, दीनदयाल उपाध्याय, कालरा अस्पताल, फोर्टिस वसंत कुंज, राजीव गांधी कैंसर अस्पताल, बत्रा अस्पताल और शालीमार बाग और पटपड़गंज के मैक्स अस्पताल में एक भी आईसीयू वाले वेंटिलेटर बेड खाली नहीं है।