12वीं की परीक्षा फेल करने पर छात्रा ने फांसी लगाई
रिजल्ट आने के बाद से थी हताश, पुलिस को नहीं मिला सुसाइड नोट
चौथे प्रयास में भी नहीं हो पाई उत्तीर्ण, री-कपार्टमेंट का दिया था पेपर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। हर्ष विहार इलाके में 12वीं कक्षा के कंपार्टमेंट की परीक्षा में फेल हो जाने पर छात्रा ने फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली।
पुलिस को मृतका शिवानी (18) के पास से कोई सुसाइड नोट मिला है। बताया जा रहा है कि शिवानी चौथी बार 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने का प्रयास कर रही थी। घटना के बाद उसका परिवार गहरे सदमे हैं। हर्ष विहार थाना पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, छात्रा शिवानी परिवार के साथ मंडोली में रहती थी। उसके पिता शिवकुमार प्राइवेट नौकरी करते हैं। परिवार में मां के अलावा दो छोटे भाई व बहन हैं। शिवानी ने पहली बार 2017 में 12वीं की परीक्षा दी, जिसमें फेल हो गई। 2018 में वह दोबारा परीक्षा दी तो अंग्रेजी कोर में फेल हो गई। उसने जुलाई 2018 में कंपार्टमेंट की परीक्षा दी, लेकिन पास नहीं कर सकी। इसके बाद उसने 2019 में इंग्लिश कोर में पास करने के लिए री-कंपार्टमेंट की परीक्षा दी थी। 2 मई को रिजल्ट आया तो उसे कंप्यूटर पर रिजल्ट नहीं पता चल पाया। वह शुक्रवार को मां के साथ प्रीत विहार स्थित सीबीएसई के मुख्यालय गई। वहां सुरक्षा कर्मियों ने शिवानी की मां को गेट पर रोक दिया, जबकि वह खुद अंदर रिजल्ट देखने चली गई। कुछ देर बाद वह रोती हुई बाहर आई, उसने मां को बताया कि उसका पेपर रद्द हो गया है। जबकि उसका पेपर रद्द नहीं हुआ था, वह चौथे प्रयास में भी 12वीं की परीक्षा पास नहीं कर पाई थी। घर पहुंचने तक शिवानी रोती रही। मां रास्ते भर उसे समझाती रही। घर आने के बाद खाना खाकर शिवानी कमरे में चली गई। देर शाम को परिवार ने देखा कि उसने अपने कमरे में पंखे से फांसी लगा ली थी।