नई दिल्ली। राजधानी में कोरोना संक्रमण दम तोड़ता नजर आ रहा है। रविवार को लगातार दूसरे दिन कोरोना के नए केस 500 से कम आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने 24 घंटे में 424 लोगों में कोरोना की पुष्टि की, जबकि 14 मरीजों की मौत हो गई। 708 मरीजों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
विभाग के मुताबिक संक्रमितों की कुल संख्या अब 626872 हो गई है। इनमें 611243 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वायरस की चपेट में आने से अब तक 10585 लोग जान गंवा चुके हैं। वहीं, सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 5044 हो गई है। इनमें से अस्पतालों में 1942 मरीज भर्ती हैं। कोविड केयर सेंटर में 51 और कोविड मेडिकल सेंटर में 27 मरीजों का इलाज चल रहा हैं। होम आइसोलेशन में 2600 मरीज हैं।
बीते 24 घंटे में कुल 68759 जांच की गई। दिल्ली में अब तक 8876518 लोगों की जांच की जा चुकी है। दिल्ली में कोरोना से कुल मृत्यु दर 1.69 फीसदी है। वहीं, कुल संक्रमण दर 7.06 प्रतिशत है। कंटेनमेंट जोन की संख्या घटकर 3623 रह गई है।
पहली बार 0.6 फीसदी रही संक्रमण दर
दिल्ली में मार्च में कोरोना की शुरुआत के बाद पहली बार ऐसा है कि संक्रमण दर 0.6 फीसदी रही है। यानी, एक हजार लोगों की जांच में महज 6 लोग संक्रमित मिले हैं। नवंबर में संक्रमण दर 15.23 प्रतिशत पर पहुंच गई थी, जो अब एक फीसदी भी नहीं रही है। पिछले एक माह में ही इस दर में 6 फीसदी की कमी आई है। दो दिसंबर को संक्रमण दर 6 फीसदी थी। अब आरटी-पीसीआर और एंटीजन दोनों प्रकार की जांच में संक्रमितों की संख्या में कमी आ रही है।