दिल्ली में इस साल मेगा अभियान के तहत 70 लाख पौधे लगाए जाने का लक्ष्य
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली में इस साल मेगा पौधरोपण अभियान 2026 के तहत 70 लाख पौधे लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से 40.49 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। इसकी सबसे बड़ी खासियत ये है कि दिल्ली सरकार लगाए गए पौधों के जीवित रहने और बढ़ने की निगरानी भी करेगी। हर पौधे की जियो टैगिंग की जा रही है और उसकी तस्वीर, ऊंचाई और स्थान जैसी जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज की जा रही है।
हर पौधे को क्यूआर कोड से जोड़ा जा रहा है। पौधरोपण अभियान में शामिल नागरिक इस क्यूआर कोड के जरिये अपने लगाए पौधे की नई तस्वीर और उससे जुड़ी जानकारी देख सकेंगे। मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पौधरोपण को सिर्फ पौधा लगाने तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उसे स्वस्थ पेड़ में बदलना है। इससे पौधों के प्रति लोगों में जिम्मेदारी और स्वामित्व की भावना भी बढ़ेगी।
एक लाख लोग अभियान से जुड़े
सिरसा ने बताया कि पौधरोपण के लिए शुरू किए गए पोर्टल के जरिये अब तक एक लाख से अधिक लोग अभियान से जुड़ चुके हैं। इनकी भागीदारी से 2.60 लाख पौधे लगाए गए हैं। स्कूलों, कॉलेजों, आरडब्ल्यूए, बाजार और उद्योग संगठनों ने भी अभियान में भागीदारी की है। करीब 90 देशों के प्रतिनिधियों के साथ मुख्य न्यायाधीश और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश भी परिवार के साथ पौधरोपण कर चुके हैं। रिज के करीब 51 जगहों पर स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं। स्थानीय पौधे जैव विविधता और पारिस्थितिक संतुलन को मजबूत करने के साथ दिल्ली की हवा को बेहतर बनाने में भी मदद करेंगे।
पीबीजी ग्राउंड में केंद्रीय कृषि मंत्री ने लगाए पौधे
हरियाली उत्सव के मौके पर बुधवार को रिज के पीबीजी ग्राउंड में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी टिकाऊ बनेगा, जब इसमें लोगों की सक्रिय भागीदारी होगी। उन्होंने लोगों से अपने जन्मदिन जैसे खास मौकों पर कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की। दिल्ली के मंत्री सिरसा ने कहा कि इसका उद्देश्य दिल्ली में हरित क्षेत्र बढ़ाना, स्वच्छ हवा सुनिश्चित करना और स्वस्थ पर्यावरण तैयार करना है। अब तक 58 फीसदी पौधे लगाए हैं।