जहांगीरपुरी के बाद अब दिल्ली के तुगलकाबाद की एक गली में 35 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित मिले हैं। यह स्थान दिल्ली का दूसरा सबसे बड़ा हॉटस्पॉट बन गया है।
शनिवार को आईएलबीएस अस्पताल से रिपोर्ट मिलने के बाद जिला प्रशासन की टीम ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। साथ ही यहां रविवार को रैपिड जांच भी की गई। बताया जा रहा है कि तुगलकाबाद एक्सटेंशन की गली नंबर 26 में करीब 93 लोगों के टेस्ट कराए गए थे।
इनमें 35 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे पहले इसी गली में तीन लोग संक्रमित पाए गए थे। यहां सबसे छोटा मरीज पांच साल का लड़का है। यहां मिलने वाले मरीजों में 61 वर्ष तक की आयु के लोग शामिल हैं। वहीं, जिन लोगों की जांच नहीं हो पाई थी रविवार को उनकी रैपिड जांच की गई है।
गली के बाहर फिलहाल कोई केस नहीं मिला है। इससे पहले जहांगीपुरी इलाके में एक घर और उसके आसपास के पड़ोसियों को मिलाकर 31 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। यह लोग कोरोना संक्रमित एक महिला के अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे।