आईपीएल मैचों में सट्टा लगाने वाला रोहित गुप्ता, गिरोह के जरिए इस सीजन में अब तक 20 करोड़ रुपये का सट्टा लगा चुका था। बीकॉम पास रोहित गुप्ता ने सट्टेबाजी के गोरखधंधे से करोड़ों रुपये कमाए हैं। सट्टा लगाने के अलावा वो और कोई काम या नौकरी नहीं करता। रोहित गुप्ता और उसकेगिरोह से पूछताछ में एसटीएफ को कई चौंकाने वाली जानकारियां मिली हैं।
एसटीएफ के अनुसार मुख्य आरोपी रोहित गुप्ता की योजना अब सट्टे से जमा किए गए काले धन को सफेद करने की थी। इसके लिए वह एआरडी बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड नाम से बिल्डर कंपनी खोलने की तैयारी कर रहा था। ये कंपनी वह अपनी पत्नी के नाम खोलने वाला था। रोहित गुप्ता ने दिल्ली में अपनी बिल्डर कंपनी के पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी।
मूल रूप से कैलाशपुरी बुलंदशहर निवासी रोहित गुप्ता ने पांच वर्ष पूर्व सट्टा लगाना शुरू किया था। सट्टे में मोटा मुनाफा मिलने पर वह डेढ़ साल पहले नोएडा आ गया और खुद बुकी बन लोगों को सट्टा खिलवाने लगा। एसटीएफ ने शुक्रवार रात सेक्टर-93ए के सुपरटेक एमरॉल्ड कोर्ट स्थित उसके किराए के पेंटहाउस में छापा मार रोहित गुप्ता समेत सात लोगों को आईपीएल मैचों में सट्टा लगाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी गाजियाबाद, बुलंदशहर और दिल्ली के रहने वाले हैं।
परिणाम जो भी हो, रोहित की जीत तय थी
सट्टेबाज रोहित।
सट्टे में कोई हारे या कोई जीते, रोहित की जीत तय थी। वह सट्टा लगाने वालों से एक प्रतिशत कमीशन लेता था। यह सट्टा लगाने के लिए एक तरह से एंट्री फीस थी। रोहित और उसके गिरोह से जुड़े लगभग 200 लोग प्रतिदिन 30-40 लाख रुपये का सट्टा लगाते थे। सट्टे के लिए सीमित लाइन होने के कारण सभी सदस्य प्रतिदिन सट्टा नहीं लगा सकते थे। इसके अलावा रोहित खुद भी प्रतिदिन लाखों रुपये का सट्टा आईपीएल में लगाता था, जीतने पर इसकी पूरी रकम रोहित को अलग से मिलती थी। एसटीएफ के अनुसार गिरोह से जुड़े लगभग 10-12 लोगों की जांच की जा रही है। जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
सट्टे की रकम से रोहित हाई-प्रोफाइल जिंदगी जी रहा था। उसने एमरॉल्ड कोर्ट में 50 हजार रुपये प्रतिमाह के किराए पर पेंट हाउस लिया था। इसके अलावा एटीएस विलेज में उसने पत्नी के नाम 1.70 करोड़ रुपये में फ्लैट लिया है। रोहित के पास एक बीएमडब्ल्यू कार भी है जिसकी कीमत 38 लाख रुपये है। इसके अलावा उसके पास एक हार्ले डेविडसन बाइक भी है। इसकी कीमत भी लगभग सात लाख रुपये है। रोहित के पास एक अल्टो कार भी है।
गिरफ्तार अन्य आरोपी सट्टेबाजी में करते थे मदद
IPL BETTING
एसटीएफ को पूछताछ में रोहित ने बताया कि गिरफ्तार छह अन्य आरोपी उसके दोस्त हैं। ये लोग सट्टेबाजी में उसकी मदद करते थे। इसके बदले इन लोगों को रोहित कमीशन देता था। वह लोग ड्ढद्गह्लद्घड्डद्बह्म्.ष्शद्व वेबसाइट चल रहे सट्टे के भाव से लाइव 25-30 लोगों का पैसा लगवाते थे। प्रतिदिन के खेल में रोहित, आकाश व अशोक का हिस्सा होता था। राहुल पैसा लगाने वालों के भाव लिखता था। अंकुर इसे लैपटॉप में फीड़ करता था। सट्टा लगाने वालों से पैसे वसूलने और देने का काम राहुल, अंकुर, नीरज और सैमुअल करते थे।
रोहित ने बताया कि शुक्रवार शाम चार बजे कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और दिल्ली डेयर डेविल्स (डीडी) का मैच था। इस मैच में जीत हार पर 70/72 का भाव था। मतलब दिल्ली डेयर डेविल्स (कमजोर टीम) की जीत पर 10 हजार रुपये लगाने पर 20 हजार रुपये मिलते। कोलकाता नाइट राइडर्स (मजबूत टीम) की जीत पर 10 हजार रुपये लगाने पर 17 हजार रुपये मिलने थे।
नजफगढ़ से बनवाया था डब्बा
IPL BETTING
एसटीएफ के डीएसपी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि सट्टा खिलवाने के लिए रोहित ने दो डब्बा (फोन लाइन बॉक्स) बनवाया था। अटैचीनुमा ये डब्बा नजफगढ़ में एक इलेक्ट्रीशियन द्वारा बनवाया गया था। बड़े डब्बे की कीमत 50 हजार रुपये और छोटे डब्बे की कीमत 27 हजार रुपये है। डब्बा बनाने वाले की भी तलाश की जा रही है। एक डब्बे में नोकिया के बेस मॉडल के 15 मोबाइल फोन लगे हैं। नोकिया के बेस मॉडल के मोबाइल का इस्तेमाल इसलिए किया गया, क्योंकि इनका बैटरी बैकअप अच्छा है। डब्बे में लगे इन मोबाइल के जरिए सट्टा लगाने वाले लाइव रोहित से जुड़े रहते थे। उनकी कॉल भी इसमें रिकॉर्ड होती थी। साथ ही रोहित डब्बे में लगे स्पीकर केजरिए एक साथ सभी को सट्टे के रेट बताता रहता था।
रोहित ने एसटीएफ को पूछताछ में बताया कि भारतीय खिलाड़ी सट्टा लगाने वालों की पहली पसंद हैं। सबसे ज्यादा रन और सबसे ज्यादा विकेट लेने के अलावा सबसे ज्यादा छक्के लगाने व एक मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की श्रेणी में भी लोग भारतीय खिलाड़ियों पर खूब सट्टा लगा रहे हैं।
IPL BETTING
इन पर लगा है सबसे ज्यादा सट्टा
कौन सी टीम मैच जीतेगी
टीम सीरिज में अंक
केकेआर 14
एमआई 12
एसआरएच 11
(कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियन पहले भी दो-दो मैच जीत चुकी हैं और इस सीजन में सबसे आगे हैं।)
किसे मिलेगी नारंगी (ऑरेंज) कैप
खिलाड़ी टीम रन
गौतम गंभीर केकेआर 376
डेविड वार्नर एसआरएच 333
रॉबिन उथप्पा केकेआर 331
शिखर धवन एसआरएच 312
सुरेश रैना जीएल 309
(सीरिज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले को ऑरेंज कैप मिलती है।)
किसे मिलेगी बैगनी (पर्पल) कैप
खिलाड़ी टीम विकेट
भुवनेश्वर कुमार एसआरएच 18
एंड्रेव टाइप जीएल 12
क्रिस मोरिस डीडी 12
(सीरिज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले को पर्पल कैप मिलती है।)