पहले साल केवल 175 मरीजों ने करवाया था उपचार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को स्वास्थ्य बीमा देने के लिए शुरू हुई आयुष्मान भारत योजना से एम्स में अभी तक 19 हजार मरीज उपचार करवा चुके हैं। साल 2018 में योजना के शुरू होने के पहले साल एम्स में 175 मरीजों का उपचार हुआ। वहीं इस साल अगस्त तक उपचार करवाने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 3,494 हो गई है। साल 2018 से अभी तक एम्स में योजना से 19 हजार मरीजों का उपचार हुआ।
एम्स से मिली जानकारी के मुताबिक, आयुष्मान भारत योजना के तहत भर्ती हुए मरीजों का मेडिकल ऑन्कोलॉजी, नेत्र विज्ञान, सामान्य चिकित्सा, न्यूरोसर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स और अन्य सर्जिकल विभागों में उपचार हुआ है। बता दें कि एम्स निदेशक डॉ. एम श्रीनिवास ने हाल ही में ऐसे मरीजों को हर प्रकार की सुविधा इनहाउस उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
यह सुविधा भी शुरू
आयुष्मान भारत योजना में बोन मेरो ट्रांसप्लांट और किडनी प्रत्यारोपण भी 2022 से शामिल हो गया है। इसी साल एम्स ने इसे लागू भी कर दिया है।