नई दिल्ली। कोरोना महामारी से अर्थव्यवस्था में आई मंदी के बीच डीयू के शहीद सुखदेव कॉलेज ऑफ बिजनेस स्टडीज के प्लेसमेंट में पांच छात्रों को 19.25 लाख का पैकेज मिला है। औसत पैकेज के रूप में भी छात्रों को 9 लाख रुपये की पेशकश हुई है। अगस्त से दिसंबर के बीच हुए प्लेसमेंट के मुकाबले में इस सीजन में छात्रों को काफी अच्छे पैकेज प्राप्त हुए हैं। इस रुझान से कॉलेज भी काफी उत्साहित है।
वहीं, अक्तूबर तक हुए प्लेसमेंट में पांच छात्रों को 18-18 लाख के ऑफर मिले थे। अब कंपनियों ने औसतन 9.0 लाख रुपये वार्षिक पैकेज की पेशकश की है। मध्य स्तर का पैैकेज 9.74 लाख रुपये का रहा है। कैंपस प्लेसमेंट के इस सीजन में 80 से अधिक छात्रों को मुख्य रूप से निवेश बैकिंग, वित्त, कंसल्टिंग के क्षेत्र में नौकरी के प्रस्ताव मिले हैं।
बैन कैपेबेलिटी नेटवर्क ने सबसे ज्यादा 20 प्रस्तावों के साथ नौकरी की पेशकश की है। कॉलेज प्लेसमेंट अधिकारियों के अनुसार औसत पैकेज में 21 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। सर्वाधिक पैकेज में 7 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इस सीजन में 42 छात्रों को औसत से ज्यादा का ऑफर मिला है। प्लेसमेंट में भाग लेने वाली कंपनियों में डेलॉयट, जोमाटो, मैकिन्से एंड कंपनी और डाबर जैसी कंपनियां शामिल हैं।