सात सीटों पर 13819 वीवीपैट से होगा मतदान
- पारदर्शिता बढ़ाने के लिहाज से इस बार चुनाव में पहली बार वीवीपैट का किया जाएगा इस्तेमाल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली की सात संसदीय सीटों पर मतदान के लिए 12 मई को 13,819 वीवीपैट और इतनी ही इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का इस्तेमाल किया जाएगा। पारदर्शिता बढ़ाने के लिहाज से लोकसभा चुनाव में पहली बार वीवीपैट का इस्तेमाल किया जाएगा। चुनाव के दौरान दिल्ली में कुल 25,146 बैलेट यूनिट का प्रयोग किया जाएगा।
सभी मतदान केंद्रों पर इस बार लोकसभा चुनाव में पहली बार ऐसा मौका होगा जब मतदाताओं को वीवीपैट के जरिए अपने वोट डालने पर यह भी पता चल सकेगा उन्होंने किस उम्मीदवार को वोट किया है। ईवीएम के लिए चुनाव आयोग के निर्देश पर सभी इंतजाम पुख्ता किए जा रहे हैं, ताकि मतदान के दौरान किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं दिल्ली वासियों को मताधिकार का प्रयोग करने का सुलभ मौका देने के लिए मतदान केंद्रों पर पानी, रैंप, ट्राईसाइकिल, ब्रेल एपिक, महिलाओं के लिए पिंक बूथ, पीडब्ल्यूडी बूथ के अलावा वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और ट्रांसजेंडर के लिए कैब के जरिए पिक-ड्रॉप की सुविधा मुहैया की जाएगी।
एक वोट में लगेंगे 12 सेंकेंड
एक वोट डालने में करीब 12 सेंकेंड का वक्त लगेेगा। इस दौरान वोट डालने के साथ वीवीपैट की स्क्रीन पर सात सेंकेंड के लिए मतदाता को यह भी दिखेगा कि किस पार्टी को वोट किया है। औसतन एक बूथ पर शाम तक 800 से 1000 मतदाता वोट कर सकेंगे।