दिल्ली में कोरोना के दैनिक मामलों के साथ मौत के आंकड़ों में भी लगातार कमी आ रही है। शनिवार को कुल 62,063 जांच में कोरोना के 152 नए मरीजों की पुष्टि हुई, जबकि 01 की मौत हो गई। बीते 10 दिनों में तीन दिन ऐसे भी रहे हैं, जब संक्रमण से किसी भी मरीज की जान नहीं गई है।
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, अब कुल संक्रमितों की संख्या 6,37,755 हो गई है। इनमें से 6,25,832 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना की चपेट में आने से अबतक 10,898 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। फिलहाल संक्रमण के 1025 सक्रिय मरीज हैं। इनमें 407 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। होम आइसोलेशन में 430 रोगियों का इलाज चल रहा है। इसके अलावा कोविड-19 केंद्रों में 36 मरीज भर्ती हैं। कोरोना से कुल संक्रमण दर 5.36 फीसदी है तो वहीं मृत्युदर 1.71 प्रतिशत है। अबतक कुल 1 करोड़ 19 लाख लोगों कि जांच कि जा चुकी है। कंटेनमेंट जोन 636 हो गए हैं। शनिवार को 179 मरीजों को छुट्टी दी गई है। दिल्ली के कोविड अस्पतालो में 95 फीसदी बेड खाली है,जबकि, कोविड केयर केंद्रों में 99 फीसदी बेड खाली है।
रिकॉर्ड 26,110 लोगों ने लगवाई वैक्सीन, 86 फीसदी हुआ टीकाकरण
राजधानी में कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान में शनिवार को रिकॉर्ड 26,110 कर्मचारियों को टीका लगाया गया। इनमें से 21,759 को टीके की पहली और 4351 को दूसरी खुराक दी गई। वैक्सीन लगने के बाद 13 लोगों को हल्के बुखार और दर्द की शिकायत हुई। इनमें से किसी को भी अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी। रिकॉर्ड टीकाकरण के साथ ही एक सप्ताह में पहली बार है चार हजार से ज्यादा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने टीके की दूसरी खुराक ली है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बृहस्पतिवार को कुल 304 केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। इनमें 214 केंद्रों पर कोविशील्ड और 90 पर कोवाक्सिन की खुराक दी गई। इस दौरान 30,400 लोगों को टीका लगना था। इनमें से 26,110 ने टीका लगवाया। निर्धारित लक्ष्य के हिसाब से 86 फीसदी कर्मचारियों ने टीका लगवाया । वहीं, दूसरी खुराक लेने वाली की संख्या 60 फीसदी से ज्यादा रही। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बीते तीन दिनों से टीका लगवाने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इसका कारण यह है कि अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मचारी बड़ी संख्या में टीकाकरण में भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि टीके की दूसरी खुराक लेने के लिए स्वास्थ्य कर्मचारियों को प्रेरित किया जा रहा है। इसके चलते ही शनिवार को चार हजार से ज्यादा कर्मचारियों ने टीके की दूसरी खुराक ली है।
50 साल से अधिक उम्र वालों का टीकाकरण मार्च को दूसरे सप्ताह से
अधिकारी के मुताबिक, मार्च के दूसरे सप्ताह से 50 साल से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण शूरू होने की उम्मीद है। दिल्ली सरकार एक हजार टीकाकरण केंद्र बनाने की तैयारी कर रही है, जिससे इन लोगों को उनके घर के पास ही वैक्सीन लेने की सुविधा मिल सके। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची के आधार पर लोगों को चिन्हित कर लिया गया है।