महिला का सिम ब्लॉक कर खाते से 13.40 लाख निकाले
नई दिल्ली। साइबर ठगों ने एक महिला का सिम कार्ड ब्लॉक कर उसके बैंक खाते से 13.40 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़िता की शिकायत पर फर्श बाजार थाना पुलिस ने केस दर्ज जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने आशंका जताई है कि बैंक के किसी कर्मचारी की मिलीभगत से ही उनके खाते को खाली किया गया है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता टीना (35) परिवार के साथ गली नंबर-2, बिहारी कॉलोनी, फर्श बाजार में रहती हैं। परिवार में पति मुकेश अरोड़ा व अन्य सदस्य हैं। टीना का एसबीआई, अनाज मंडी, शाहदरा में बचत खाता है। पीड़िता ने बताया कि एक सितंबर को उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉलर ने खुद को वोडाफोन कंपनी का प्रतिनिधि बताकर उन्हें एक वाउचर देने की बात की। बातचीत के दौरान आरोपी ने टीना से उनके पति का मोबाइल नंबर भी मांगा, लेकिन टीना ने देने से इनकार कर दिया। अगले दिन अचानक उनके फोन का नेटवर्क गायब हो गया। छह सितंबर को पीड़िता वोडाफोन के कस्टमर केयर सेंटर पहुंची तो सिम कार्ड ब्लॉक होने का पता चला। उसी दिन टीना ने दूसरा सिम निकलवाकर फोन चालू किया।
इधर, कई दिनों तक बैंक खाते से जुड़ा कोई मैसेज नहीं आने पर टीना को शक हुआ। बैंक जाने पर पता चला कि दो सितंबर से छह सितंबर के बीच उनके बचत खाते से 6.90 लाख रुपये और तीन एफडी तुड़वाकर 6.50 लाख रुपये निकाले गए हैं। जांच में यह भी पता चला कि किसी ने बैंक से उनका एसएमएस अलर्ट नंबर भी चेंज कराया था। पीड़िता का आरोप है कि उन्होंने ऐसी कोई रिक्वेस्ट बैंक से नहीं की। ऐसे में बैंक ने बिना उनकी मर्जी कैसे नंबर बदल दिया। पीड़िता ने बैंक कर्मियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।