चिड़ियाघर खुलने के आसार अभी नजर नहीं आ रहे हैं। चिड़ियाघर में बीते मंगलवार को मृत मिले पक्षी में जांच के बाद बर्ड फ्लू के वायरस मिले हैं। उसकी मौत की वजह एवियन इंफ्लूएंजा ए एच5एन1 वायरस है। ऐसे में चिड़ियाघर की बंदी 45 दिन और बढ़ सकती है।
मंगलवार को ब्लैक नेक्ड स्टार्क प्रजाति के पक्षी की मौत हुई थी। जांच के लिए उसका सैंपल भोपाल स्थित लैब भेजा गया था। अब जो रिपोर्ट आई है, उसके मुताबिक पक्षी की मौत बर्ड फ्लू के कारण हुई है। दिल्ली सरकार के पशुपालन विभाग ने इसकी पुष्टि की है।
चिड़ियाघर प्रशासन भी इस रिपोर्ट के बाद सकते में है। अब आशंका है कि इस वायरस की मौजूदगी की पुष्टि होने से चिड़ियाघर को बंद रखने का समय बढ़ाया जा सकता है। दिल्ली चिड़ियाघर 18 अक्तूबर से बंद है। इस संबंध में एक कमेटी बनाई गई है, उसकी रिपोर्ट के आधार पर ही चिड़ियाघर को दोबारा खोला जाएगा।
मगर नियमों के मुताबिक, चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू से आखिरी मौत के बाद 15 दिन पर वहां मौजूद पक्षियों की जांच होगी। रिपोर्ट ठीक होने पर फिर उस दिन से 15 दिन पर दोबारा एक सैंपल की जांच की जाएगी। उसके बाद अगर 15 दिन तक कोई पक्षी इस वायरस से नहीं मरता है, तो चिड़ियाघर खोला जाएगा।
चिड़ियाघर प्रशासन के अनुसार नवंबर के पहले सप्ताह के बाद से बर्ड फ्लू वायरस से किसी पक्षी की मौत नहीं हुई थी। ऐसे में चिड़ियाघर खोले जाने का इंतजार हो रहा था। अब फिर एक पक्षी की मौत बर्ड फ्लू वायरस से होने के कारण चिड़ियाघर को दोबारा 45 दिनों तक बंद किया जा सकता है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि इस पर अंतिम फैसला बनाई गई कमेटी ही लेगी।