उत्तर-पूर्वी दिल्ली भजनपुरा इलाके में रविवार रात पेट्रोलिंग के दौरान दो युवकों ने सिपाही पर हमला कर दिया। बेचारे सिपाही का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने दोनों युवकों से सूनसान जगह खड़े होने का कारण पूछा था। इस बात पर आरोपी भड़क गए। इन लोगों ने पीड़ित सिपाही अशोक कुमार चौधरी पर हेलमेट से हमला कर दिया। हमले के बाद अशोक बेहोश हो गए। आरोपियों ने उनकी सरकारी पिस्टल लूटी और मौके से फरार हो गए। खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंचे थाने के स्टाफ ने तुरंत पीड़ित को गंभीर हालत में मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने ड्यूटी के दौरान हमला करने, सरकारी काम में बाधा, लूटपाट और जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। भजनपुरा थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच कर रही है।