हरियाणा में भी हजारों युवा सड़कों पर उतरे
अग्निपथ योजना के विरोध में बृहस्पतिवार को पलवल, गुरुग्राम, रेवाड़ी सहित हरियाणा में कई जगहों पर हजारों युवा सड़कों पर उतर आए। पलवल में पुलिस ने बल प्रयोग किया तो युवा भड़क गए। युवाओं ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया और उनकी पांच गाड़ियों में आग लगा दी।
इसके साथ ही उपायुक्त आवास पर गार्ड रूम को भी आग के हवाले कर दिया। युवाओं को खदेड़ने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। उपद्रव के दौरान करीब चार घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पूरी तरह से जाम रहा। पथराव में तकरीबन 20 पुलिसकर्मी घायल हो गए। हरियाणा सरकार ने पलवल जिले के क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र में वॉयस कॉल को छोड़कर इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। बल्क एसएमएस सहित सभी एसएमएस सेवाओं (बैंकिंग और मोबाइल रिचार्ज को छोड़कर) और नेटवर्क पर दी जाने वाली डोंगल सेवाएं भी 16 जून शाम 4 बजे से अगले 24 घंटों के लिए निलंबित रहेंगी।
उपद्रव करने वाले करीब एक हजार युवाओं के खिलाफ पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, रोड जाम करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, लूट तथा जानलेवा हमला करने के आरोप में कैंप व शहर थाना में एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। रेवाड़ी में भी युवाओं ने पुलिस पर पथराव किया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर युवाओं को तितरबितर किया।'