छोटी सी बात को लेकर रविवार रात नोएडा के बसई गांव में दो पक्षों में हुए झगड़े के बाद दबंग दंपति ने तमंचों से फायरिंग कर दी जिससे दूसरे पक्ष के एक युवक की मौत हो गई।
वहीं, गोली लगने से घायल उसके पिता को गंभीर हालत में दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले जाया गया है। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने महिला और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। एक अन्य आरोपी फरार है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मूलरूप से फतेहपुर के रहने वाले पंकज (25) अपने पिता जयकरण (50) और भाई विपिन के साथ बसई गांव में रहते हैं। तीनों की यहां पर कबाड़ी की दुकान है।
यहीं, पास में फॉस्ट फूड की दुकान लगाने वाले पान सिंह, पत्नी गीता, साला ललित और अन्य परिजनों सहित रहते हैं। यह परिवार मूलरूप से बदायूं का रहने वाला है। इनके साथ ही नौकर संजय बहादुर भी रहता है।