बढ़ती तकनीक के चलते लाइव सुसाइड के मामले भी बढ़े हैं। कुछ इसी तरह का एक मामला न्यू उस्मानपुर इलाके के ब्रह्मपुरी में सामने आया। यह लाइव सुसाइड नहीं है, लेकिन मौत को गले लगाने से पहले 18 वर्षीय युवक ने अपने दोस्तों को व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल कर फांसी का फंदा दिखाया।
फेसबुक पर आत्महत्या करने का मैसेज भी लिखा। इसके बाद फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। जब तक दोस्त पहुंचे तो बहुत देर हो चुकी थी। इस सनसनीखेज घटना से हर कोई सन्न रह गया है। मौके से मिले एक सुसाइड नोट में खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं है।
बुलंदशहर गया था मृतक का परिवार
पुलिस के मुताबिक, मृतक की शिनाख्त गांव साखनी (बुलंदशहर) निवासी सनावर अब्बास के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ गली नंबर-18, ब्रह्मपुरी में रहता था। मंगलवार को सनावर का पूरा परिवार शादी समारोह में शरीक होने के लिए गांव साखनी चला गया। सनावर घर में अकेला था।
शाम करीब 6.00 बजे युवक ने अपने दोस्तों को व्हाट्सऐप पर वीडियो कॉल कर फांसी का फंदा दिखाया। इसके बाद फेसबुक पर भी आत्म्हत्या करने संबंधित पोस्ट की। दोस्त चिल्लाते रहे, लेकिन वह नहीं माना और मोबाइल को एक ओर फेंक उसने फांसी लगाकर जान दे दी। दोस्तों ने पुलिस और परिजनों को सूचना भी दी। आनन-फानन में वह मौके पर पहुंचे, परंतु तब तक सनावर की मौत हो चुकी थी।