मोती नगर इलाके में बृहस्पतिवार रात घरेलू कलह के चलते बड़े भाई ने छोटे भाई की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी शराब के नशे में घर आकर मां से गाली-गलौच कर रहा था, जिसका छोटे भाई ने विरोध किया था। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।
पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त दीपक पुरोहित ने बताया कि मृतक की शिनाख्त आनंद तिवारी (22) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान अमित तिवारी (25) के रूप में हुई। मूलरूप से आंबेडकर नगर (यूपी) के तिकमलपुर गांव निवासी आनंद तिवारी अपनी मां शांति देवी और बड़े भाई अमित तिवारी के साथ बसईदारापुर में रहता था। आनंद गुटखा बनाने वाली कंपनी में काम करता था, जबकि अमित बेरोजगार और नशे का आदी है। इसी बात को लेकर अक्सर उसका मां के साथ झगड़ा होता था।
बृहस्पतिवार रात आनंद काम से वापस आया। उसने अमित को मां के साथ गाली-गलौच करते हुए पाया। आनंद ने इसका विरोध किया। अमित आनंद से झगड़ा करने लगा और इस दौरान वह चाकू से आनंद का गला रेतकर फरार हो गया। रात करीब साढ़े नौ बजे सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आनंद को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शुरूआती जांच में पता चला है कि अमित ने जिस चाकू से वारदात को अंजाम दिया है वह घर में इस्तेमाल होने वाला चाकू नहीं था। चाकू काफी बड़ा था। आशंका है कि आरोपी ने साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया है।