नोएडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुहिम कौशल विकास योजना का नोएडा में असर दिखने लगा है। योजना का युवा खूब लाभ उठा रहे हैं। युवाओं के सपने अब पूरे होने लगे हैं। जिला प्रशासन योजना का प्रसार-प्रचार कर रहा है ताकि इससे कोई वंचित न रह जाए।
3 महीने का ब्यूटीशियन कोर्स करने के बाद टीना शुक्ला खुद का पार्लर चला रही है। उसकी आमदनी ठीक ठाक है। ग्रेजुएशन की छात्रा कृतिका पढ़ाई के साथ ही खुद की ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी संभालती है।
शहर में ऐसे कई उदाहरण हैं जहां युवा प्रतिभाओं ने कम समय में खुद का उद्योग स्थापित करने में सफलता हासिल की। उनकी सफलता में कौशल विकास योजना का योगदान है।
योजना से जुड़कर शहर के सरकारी और प्राइवेट संस्थान कई ऐसे रोजगारपरक कार्यक्रम का संचालन कर रहे हैं जो युवाओं को कम समय और कम लागत में खुद का कारोबार स्थापित करने में मदद दे रहे हैं।
कई तरह के चल रहे कार्यक्रम
सेक्टर-62 स्थित राष्ट्रीय उद्यमिता एवं लघु व्यवसाय विकास संस्थान (निसबड) में स्किल बिल्डिंग योजना के प्रमुख आरके चंद्रा ने बताया कि यहां स्किल डेवलपमेंट से जुड़े कई तरह के कार्यक्रम का संचालन हो रहा है।
इनमें आईटी प्रोग्राम और ब्यूटीशियन कार्यक्रम आदि हैं। इनके माध्यम से छात्र कम समय में ट्रेनिंग लेकर खुद का उद्योग स्थापित कर रहे हैं। कोर्स के बाद खुद का व्यवसाय लगाने वाले कई छात्र- छात्राएं हमारे यहां आ रहे हैं। योजना के तहत चल रहे कार्यक्रम में सिर्फ सरकारी संस्थान ही नहीं बल्कि निजी संस्थान भी हिस्सेदारी निभा रहे हैं।
छात्राओं को मिल रही मदद
सेक्टर-62 स्थित एक प्राइवेट संस्थान की डीन सिनासी जैन ने बताया कि हमारे यहां कौशल विकास योजना के तहत कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें डिजाइनिंग, कपड़ों की सिलाई आदि हैं।
कोर्स के बाद छात्राओं को स्वरोजगार स्थापित करने में काफी मदद मिली है। शार्ट टर्म कोर्स के बाद ट्रेडिंग कंपनी चला रहीं कृतिका ने कहा कि मैं हमेशा से खुद का व्यवसाय शुरू करना चाहती थी, लेकिन पूंजी की कमी से मुझे इतनी जल्दी सफलता पाने की उम्मीद नहीं थी। मुझे बेहद खुशी है कि मैने ग्रेजुएशन के दौरान ही एक सफल व्यवसाय की शुरुआत कर दी है।