गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर गांव के जंगल में पशुओं को चराने के लिए गया युवक नहर में डूब गया। गोताखोरों की मदद से उसे तलाश किया। नहर से युवक का शव बरामद होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
कल्याणपुर गांव निवासी शीशपाल सिंह का 18 वर्ष का बेटा स्वदेश बुधवार की सुबह को घर से पशुओं को चराने के लिए जंगल में लेकर गया था। उसके साथ गांव के अन्य लोग भी गए हुए थे। दोपहर करीब तीन बजे पशुओं को चराने के दौरान स्वदेश नहर किनारे पहुंच गया, जहां अचानक उसका पैर फिसल गया। जिससे वह नहर में जा गिरा। नहर में गिरते ही युवक ने शोर मचा दिया, जिसे सुनकर उसके साथी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक स्वदेश डूब गया।
इसके बाद अन्य युवकों ने ग्रामीणों और उसके परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे के बाद स्वदेश को मृत अवस्था में नहर से बाहर निकाला गया। उसे लेकर परिजन सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्वदेश की मौत के बाद परिजन में कोहराम मच गया। सीओ आशुतोष शिवम मृत युवक के शव को कब्जे में ले लिया गया है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।