ग्रेटर नोएडा के जेवर कोतवाली क्षेत्र के गांव में रविवार शाम एक युवक ने पास ही में रहने वाली पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म किया। पीड़ित परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर वारदात के कुछ घंटे बाद सबौता अंडरपास के पास आरोपी सोनू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक करीब दो साल पहले भी सोनू ने गांव की सात साल की बच्ची से दुष्कर्म किया था। इस विचाराधीन मामले में वह डेढ़ साल जेल में रह चुका है। छह माह पहले ही वह जमानत पर छूटा था।
रविवार शाम सोनू ने गांव में रहने वाली पांच साल की बच्ची को चॉकलेट देने के बहाने अपने घर बुलाया और दुष्कर्म किया। बच्ची की चीख सुनने के बाद परिजन उसे तलाश करते हुए जब सोनू के घर पहुंचे तो वह भागने लगा। बच्ची के माता-पिता ने जब उसे पकड़ने की कोशिश की तो सोनू उन्हें धक्का देकर भाग निकला।
परिजन बच्ची को लहूलुहान हालत में कोतवाली ले गए, जहां से उसे अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने बच्ची को दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सोनू को गांव से बहिष्कृत करने की तैयारी
वारदात के बाद ग्रामीणों ने सोमवार को बैठक की। इसमें सोनू को गांव से बहिष्कृत करने पर विचार विमर्श हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की गंदी मानसिकता के लोगों को गांव और आसपास में रखना खतरे से खाली नहीं है। सोनू को गांव से बहिष्कृत करने पर काफी हद तक लोगों में सहमति बन गई है। हालांकि अभी इस बारे में निर्णय नहीं हुआ है।