उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त मनोज कुमार मीना ने बताया कि शनिवार दोपहर को लाजपत राय मार्केट में दुकान नंबर-465 की छत पर एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली। युवक के सिर पर चोट के अलावा उसका गला भी रेता हुआ था। शव के पास एक शराब की बोतल के अलावा कुछ गिलास बरामद हुए थे।
मृतक की उस समय पहचान नहीं हो पाई थी। शाम के समय मृतक की पहचान जीरो पुश्ता, सोनिया विहार निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई। मनोज ओल्ड लाजपत राय मार्केट में कार्टून पैकिंग का काम करता था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। मामले की जांच के लिए तीन टीमों का गठन किया गया।
इस दौरान टीम ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। छानबीन के बाद आरोपी की पहचान कर ली गई। आरोपी मनोज का ही दोस्त था। पुलिस ने छापेमारी के बाद आरोपी को साढ़े चार पुश्ता स्थित उसके घर से दबोच लिया। शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन बाद में वह टूट गया।
आरोपी ने बताया कि मनोज उसका दोस्त था। दोनों एक साथ ही पैकिंग का काम करते थे। मनोज गुलाब की पत्नी को अक्सर फोन कर उससे बातचीत करता था। यह बाद उसे पसंद नहीं थी। शुक्रवार रात को मनोज और गुलाब मार्केट में दुकान की छत पर बैठकर एक साथ शराब पी रहे थे। इस बीच दोनों के बीच झगड़ा हो गया।
कहासुनी के बाद आरोपी ने मनोज के सिर पर ईंट से हमला कर दिया। बाद में टूटी हुई बोतल से हमला कर उसकी हत्या कर दी। बाद में आरोपी ने मनोज का मोबाइल फोन लिया और वहां से निकल गया। घर पहुंचकर आरोपी ने खून से सने कपड़े धोए। बाद में वह नहा भी लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से मनोज का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।