आरोपी ने चोरी के बाद चार लाख रुपये चुपचाप बहन को बिना बताए उसके गोदाम में छिपा दिए थे। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद पप्पू कॉलोनी गाजियाबाद से रकम बरामद कर ली है। बाकी रुपये लेकर फिरोज का भाई फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। अब तक 4.94 लाख रुपये कैश और 96 हजार की एक बाइक बरामद हुई है।
उत्तर-पूर्वी जिला के पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि 19 अगस्त को हर्ष विहार इलाके में कारोबारी प्रवीन कुमार के यहां से किसी ने 13 लाख रुपये चोरी कर लिए थे। पीड़ित ने मामले में ऑन लाइन शिकायत दी। हर्ष विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पड़ताल के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे दबोच लिया।
आरोपी फिरोज एरिया का पुराना चोर था। उसके खिलाफ पहले से 12 मामले दर्ज हैं और वह एरिया का घोषित बदमाश भी है। आरोपी के पास से उस समय 94 हजार रुपये, दूसरी जगह से चोरी किया गया एक मोबाइल फोन, कुछ चोरी के औजार व चोरी की रकम से खरीदी गई बाइक बरामद हुई। पुलिस ने अदालत में पेश कर उसकी दो दिन की रिमांड ली।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह चार लाख रुपये चुपचाप अपनी बहन के गोदाम में छिपा आया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर छापेमारी कर बहन के गोदाम से रकम बरामद कर ली। इसके अलावा पुलिस ने बुलंदशहर और मेरठ में फिरोज के भाई की तलाश में छापेमारी की। फिलहाल वह अभी फरार है।