फरीदाबाद में खुले सीवर में गिरा युवक
- फोटो : अमर उजाला
फरीदाबाद में नगर निगम की लापरवाही से युवक की जान जाते-जाते बची। नेशनल हाईवे नंबर-19 स्थित गांव अजरौंदा के पास खुले सीवर के 12 फीट गहरे मैनहोल में राह चलता एक युवक अचानक गिर गया। गनीमत रही कि समय रहते ही पिता ने बेटे को बाहर निकाल लिया, नहीं तो उसकी जान भी जा सकती थी।
युवक के पिता उसके पीछे-पीछे ही थे और अचानक से गायब हुए बेटे को खोजने लगे, तभी एक राह चलते दूसरे युवक ने उन्हें बताया कि उनका बेटा खुले सीवर के मैनहोल में गिर गया है। इसके बाद उन्होंने बेटे को अन्य राह चलते लोगों की मदद से मैनहोल से बाहर निकाल लिया, लेकिन इस हादसे में उसे काफी गंभीर चोट आई।
घायल अनंत अग्रवाल ने बताया कि वह पिता के साथ पैदल ही जा रहे थे, तभी अंधेरा होने के चलते वह खुले सीवर के मैनहोल को नहीं देख पाए और अचानक से वह गिर गए। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया और राह चलते युवकों ने उनके पिता को बताया कि उनका बेटा सीवर में गिर गया है, जिसके बाद उनके पिता ने समय रहते उन्हें सीवर के मैनहोल से बाहर निकाल लिया।
पिता ने निगम के अधिकारियों और नेताओं को ठहराया दोषी
पिता महेश अग्रवाल ने फरीदाबाद के नगर निगम के अधिकारियों के साथ-साथ फरीदाबाद के नेताओं को दोषी ठहराते हुए कहा कि फरीदाबाद को स्मार्ट सिटी बताया जाता है, लेकिन नेशनल हाईवे नंबर-19 पर ही सीवर के मैन होल खुले हुए हैं और लाइट न होने के चलते उनका बेटा हादसे का शिकार हो गया। इसके चलते उनकी जान जाते-जाते बची। यदि उन्हें कुछ हो जाता तो नगर निगम और उसके अधिकारी ही इस हादसे के जिम्मेदार होते। हालांकि, इस हादसे के बाद मौके पर आए लोगों ने ही सीवर के मैनहोल को ढक दिया। ताकि कोई और इस हादसे का शिकार न होने पाए।