शहर के गुडगांव-अलवर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने संदिग्ध अवस्था में घायल मिले एक 25 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की पहचान हिमांशु पवार पुत्र राजेश पवार निवासी देहरादून उत्तराखंड के रूप में हुई है। युवक अपने एक साथी के साथ रविवार को अलवर से एसआई का पेपर देकर अपने घर को लौट रहा था।
दोनों युवक बाइक पर सवार थे। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। वहीं मृतक के साथ दूसरे युवक को पुलिस अभी ट्रेस नहीं कर पाई। फिरोजपुर झिरका पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उन्हें सूचना मिली कि शहर के गुड़गांव-अलवर मार्ग पर एक युवक घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा हुआ है।
इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने मामूली उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे आगे के लिए रेफर कर दिया।
इस दौरान युवक को गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां सोमवार की सुबह युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शीयों के अनुसार मृतक युवक के साथ उसका एक साथी उसके साथ और था जो उस समय हिमांशु पवार को घायल अवस्था में छोड़कर मौके से अपनी बाइक लेकर भाग निकला था।
इस क्रम में स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर इस मामले की गहराई से जांच पड़ताल शुरु कर दी है। वहीं हिमांशु की मौत के बाद कयास लगाए जा रहें हैं कि हिमांशु की सड़क हादसे में मृत्यु हुई है या फिर उसकी हत्या की गई है इसकी जांच होनी बाकी है।
हिमांशु के साथ दूसरे युवक को पुलिस अभी तक ट्रेस नहीं कर पाई है। इस मामले में हिमांशु के साथ जो युवक था वे ही इस मामले की सच्चाई बता सकता है।