बाजपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखंड सुभान अली(27) ने स्नैपचैट पर अपनी लड़की के नाम से आईडी बनाई और लड़कियों से चैटिंग करने लगा। आरोपी ने ट्रूथ एंड डेयर खेल में बताकर लड़कियों के कपड़े उतरवाता और उनकी अश्लील वीडियो बना लेता था। इसके बाद वह उनकी वीडियो के आधार पर उन्हें ब्लैकमेल व पकड़े उतरवाता। इस तरह आरोपी देश भर में 20 से ज्यादा लड़कियों को अपना शिकार बना चुका है। दक्षिण-पश्चिमी जिले की साइबर थाना पुलिस ने सुभान अली को नैनीताल, उत्तराखंड से गिरफ्तार कर लिया है।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त रोहित मीणा ने बताया कि एक पीड़ित नाबालिग छात्रा के पिता ने साइबर थाना प्रभारी विकास कुमार बुलडक को उनकी बेटी की नग्न तस्वीरें और वीडियो साझा करने की धमकी देकर उसे परेशान करने, धमकी देने और ब्लैकमेल करने की शिकायत 20 फरवरी को दी थी। पीड़ित ने अपनी शिकायत में कहा थी कि उनकी बेटी स्कूल में पढ़ती है और वह ऑनलाइन कक्षाएं लेने के लिए स्मार्ट फोन का इस्तेमाल करती है। एक दिन, पीड़ित की मां ने उसका फोन देखा और स्नैपचैट पर उनकी बेटी की अश्लील वीडियो और तस्वीरें मिली। मामला दर्जकर एसीपी देवेन्द्र कुमार सिंह व थानाध्यक्ष विकास कुमार बुलडक की देखरेख में एसआई प्रियंका, हवलदार सुरेश और विनोद की टीम ने जांच शुरू की।
महिला एसआई प्रियंका को जांच में पता लगा कि कथित व्यक्ति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट पर पीड़ित के सामने खुद को एक लड़की के रूप में पेश किया और उसके साथ चैट करना शुरू कर दिया। उसने छात्रा को ट्रूथ एंड डेयर गेम में फंसा लिया। इस गेम में किसी भी हद तक जाने के लिए दोनों पक्ष तैयार हो जाते हैं। ऐसे में आरोपी ने छात्रा से कपड़े उतरवा लिए और उसकी अश्लील वीडियो बना ली। बाद में आरोपी ने पीड़ित से लगातार चैट की और ऐसी और भी तस्वीरें हासिल कीं। आरोपी ने उस पर चैट के लिए दबाव डाला और उसके निर्देशों का पालन नहीं करने पर इन वीडियो को सोशल मीडिया पर डालने की धमकी दी। इस छात्रा बहुत ज्यादा डर गई।
ऐसे पकड़ा गया आरोपी
इंस्पेक्टर विकास कुमार को स्नैपचैट आईडी एक गूगल आईडी के साथ पंजीकृत पाई गई। स्नैपचैट और गूगल से महत्वपूर्ण प्रमुख जानकारी प्राप्त की गई और गहन तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच में आरोपी का मोबाइल नंबर उधम सिंह नगर, उत्तराखंड में सक्रिय पाया गया। इंस्पेक्टर विकास कुमार की देखरेख में एसआई प्रियंका की टीम ने उधम सिंह नगर, उत्तराखंड में आरोपी के संभावित स्थानों पर छापेमारी की। आखिरकार आरोपी मुडिय़ा पिस्टोर, बाजपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखंड निवासी सुभान अली पुत्र जफर अली को उधम सिंह नगर, उत्तराखंड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया है। उसके कब्जे से एक स्मार्ट फोन बरामद किया गया जिसके माध्यम से उसने अपराध किया है।
आरोपी 20 से ज्यादा लड़कियों को बना चुका है अपना शिकार
पुलिस की शुरूआती जांच में ये बात आई है कि वह 20 से ज्यादा लड़कियों की अश्लील वीडियो बना चुका है। पुलिस को उसके मोबाइल से तीन से चार अश्लील वीडियो मिली हैं। पुलिस उसके मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए भेज रही है, ताकि डिलीट किए गए डाटा को फिर से पाया जा सके।