नई दिल्ली के अशोक विहार इलाके में बृहस्पतिवार सुबह एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। उसका शव सड़क किनारे मिला। मृतक की शिनाख्त रतन (37) के रूप में हुई। पुलिस ने मामले में दो नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर आपसी रंजिश में युवक की हत्या किए जाने का दावा किया है। युवक कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से छूटकर आया था। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर जांच में जुटी है।
रतन अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया एसएस नगर के ई ब्लॉक में रहता था। बृहस्पतिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया के सर्विस रोड पर एक शव पड़ा है। युवक के शरीर पर चोट के निशान थे और वह लहूलुहान हालत में था। पुलिस ने उसे पास के अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अशोक विहार थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी आरती शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में कर जांच शुरू की। इसके बाद संजय उर्फ अन्ना नाम के युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अपराध कबूल कर लिया और बताया कि उसने दो नाबालिगों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने उसके निशानदेही पर दोनों नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया।
जांच के बाद पुलिस ने बताया कि रतन का संजय के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। देर रात रतन को आता देख तीनों ने उसे रोक लिया और झगड़े के दौरान पहले उसकी पिटाई की और फिर चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए उसके सिर को ईंट से कुचल दिया। सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने खून से सने कपड़े में आग लगा दी। जिसे पुलिस ने देर शाम आरोपियों के निशानदेही पर जब्त कर लिया।